सरकार बनते ही जेल जाएंगें भ्रष्टाचारी
रोहतक। वरिष्ठभाजपा नेता और चुनाव प्रबंधन प्रमुख प्रो. गणेशी लाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी खर्चे पर किसानों के मसीहा बनने वाले मुख्यमंत्री लघु सिंचाई घोटाले के आरोपियों को क्यों बचा रहें है, जबकि हजारों किसानों के नाम पर गलत दस्तावेजों के जरिये करोड़ों की सब्सिडी डकारी गई है।
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि इस घोटाले के करोड़ों रुपए कहां गए जनता ये सब जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हुड्डा जिस तरह इस घोटाले को हलके से ले रहे है उससे साफ है कि इस घोटाले को उनका संरक्षण प्राप्त है।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश के इस सबसे बड़े घोटाले की सीबीआई जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह चारा घोटाले से भी बड़ा घोटाला है। मुख्यमंत्री के लिए शर्मनाक बात यह है कि यह सब किसानों के नाम पर किया गया है जो उनकी कथनी और करनी में फर्क को साबित करता है।