रेल विवि के लिए सांसद ने लिखा पत्र
रेलमंत्री से दीपेंद्र ने दोहराई यूनिवर्सिटी खोलने की मांग
भास्करन्यूज | रोहतक
कांग्रेससांसद दीपेंद्र हुड्डा ने केन्द्र सरकार द्वारा चीन के सहयोग से देश में चार रेल यूनिवर्सिटी की स्थापना के फैसले के साथ ही पहली यूनिवर्सिटी रोहतक के निंदाना गांव में स्थापित करने की मांग की है। सांसद ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु को पत्र लिखकर अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि यह क्षेत्र एनसीआर में आता है और राजधानी दिल्ली से सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा भी जुड़ा हुआ है। इससे क्षेत्र के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अनेक अवसर बनेंगे और भविष्य में रेलवे की कार्यकुशलता में बढ़ोत्तरी होगी।
इस दौरान दीपेंद्र ने कहा कि रेल परियोजनाओं के पूरा होने का लोगों को उतना ही इंतजार है, जितना देश को अच्छे दिनों का। सांसद ने सोनीपत रेल कोच फैक्ट्री को दूसरे राज्य में ले जाने की खबरों पर अपना कड़ा विरोध भी दर्ज कराया।
ये भेजा पत्र
दीपेंद्रने रेल मंत्री को पत्र के जरिए सुझाव देते हुए मांग रखी कि रेलवे यूनिवर्सिटी में युवाओं के लिए रोजगार आधारित अल्पकालिक कौशल विकास कार्यक्रम जरूर शामिल किए जाएं। इससे युवाओं के हुनर को निखारने और रेलवे क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके। इसके अलावा सांसद ने रेल मंत्री से यूपीए शासनकाल में मंजूर कराई गई दादरी-झज्जर-फर्रुखनगर रेल लाइन के काम को तुरंत शुरू कराने की मांग की, जो बजट आवंटन किए जाने के कारण ठप पड़ी है।