पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गुड़गांव यात्रियोंकी सुरक्षा के लिए लगेंगे रोडवेज बसों में सीसीटीवी

गुड़गांव - यात्रियोंकी सुरक्षा के लिए लगेंगे रोडवेज बसों में सीसीटीवी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक में रोडवेज की बस में हुई दो बहनों के साथ छेड़छाड़ विवाद जैसे मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने रोडवेज की बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। प्रत्येक बस में दो कैमरे लगाने की तैयारी है। इसके लिए गुड़गांव डिपो की चार बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर 15 दिनों तक ट्रायल किया गया। इस ट्रायल में चार कंपनियों ने हिस्सा लिया। चारों कंपनियों ने एक-एक बस में कैमरे लगाकर 24 घंटे की रिकार्डिंग की। मंगलवार को पूरी रिकॉर्डिंग मुख्यालय द्वारा बनाई गई कमेटी के सदस्यों को दिखाई गई।

अब कमेटी द्वारा कैमरों की रिपोर्ट चंडीगढ़ मुख्यालय भेजी जाएगी। इस कमेटी में रोडवेज के गुड़गांव जीएम, फ्लाइंग स्क्वायड ऑफिसर सुरेन्द्र सिंह, हारट्रोन कंपनी के सीनियर इंजीनियर शामिल किए गए हैं।

250 बसों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे:

गुड़गांव डिपो से संबंधित लगभग 250 बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। इसके तहत लगभग 1.5 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए चार कंपनियों ने आवेदन किए थे। चारों कंपनियों ने एक-एक बस में सीसीटीवी कैमरे लगाकर 15 दिनों तक की रिपोर्ट तैयार की है। परिवहन विभाग की कमेटी ने कंपनी द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट का अध्ययन कर लिया है। कमेटी सभी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद अपनी रिपोर्ट बनाकर अंतिम स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार के पास भेजेगी। सरकार की हरी झंडी मिलने के बाद बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम शुरू हो जाएगा।

क्या होगी विशेषता:

यात्रियों की सुरक्षा, रोडवेज के कर्मचारियों के व्यवहार बस की लोकेशन देखने सहित अन्य सुविधाओं के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सीसीटीवी कैमरा सर्विलांस की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए जिला मुख्यालय पर सर्वर लगाया जाएगा और कैमरों से छेड़छाड़ करने पर मुख्यालय के संबंधित मोबाइल नंबर पर एसएमएस की सुविधा भी रहेगी। इसके अलावा बस में होने वाली सभी गतिविधियों पर कैमरों की नजर रहेगी। इन कैमरों के माध्यम से बस की स्पीड, लोकेशन सभी सहित टाइम की भी पूरी डिटेल भी अधिकारियों को मिल सकेगी। अलग-अलग कंपनियों के सीसीटीवी कैमरे की गुणवत्ता की रिपोर्ट अब कमेटी जिला मुख्यालय को भेजी जाएगी।

कैमरे इस तरह करेंगे काम:

प्रत्येक बस में दो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। एक कैमरा बस के अगले हिस्से में लगाया जाएगा जिससे आधी बस की सुरक्षा कवर होगी। जबकि दूसरा कैमरा बस के बीच में पीछे की लोकेशन देकर लगाया जाएगा। इस कैमरे बस के पिछले हिस्से की गतिविधियां देखी जा सकेंगी। इसके अलावा बस में सीसीटीवी की छेड़छाड़ होने की सूरत में मुख्यालय में ऑटोमेटिक एसएमएस मिल सकेगा। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज से बस की स्पीड, समय लोकेशन की जानकारी भी हासिल की जा सकेगी।

महिला सुरक्षा के लिए कदम:

उच्चाधिकारियों ने रोडवेज की बसों में महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बसों के अंदर दो सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था की है। इससे महिला सुरक्षा के अलावा रोडवेज कर्मचारियों के व्यवहार और बसों में होने वाली गतिविधियों की जानकारी हासिल की जा सकेगी।

त्रिलोकचंद, महाप्रबंधक, गुड़गांव डिपो