अब तीसरी आंख की जद में होगा बस स्टैंड
बसस्टैंडपरिसर अब चौबीस घंटे तीसरी आंख की निगाह में होगा। यहां आपराधिक घटनाओं को रोकने और जनता की सहूलियतों के मद्देनजर सीसी टीवी कैमरे लगाने की कार्य योजना बनाई गई है।
प्रस्ताव बनाकर परिवहन विभाग के हेडक्वार्टर को भेज दिया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर जहर खुरानी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी का ग्राफ परिवहन हाईकमान ने बेहद गंभीरता से लिया है। इसके लिए जिला स्तर पर रोडवेज विभाग को निर्देश भेजे गए। इसके तहत बसस्टैंड परिसर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी लगाने की संभावित जगहों के साथ ही सर्वे कराकर रिपोर्ट भेजने काे कहा गया है, ताकि योजना को अमलीजामा पहनाया जा सके।
रोडवेज के हर कोने पर होगी नजर
हेडक्वार्टरद्वारा सीसी टीवी कैमरे लगाने के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। जिसका विस्तृत ब्यौरा तैयार करके भेजा गया है। इसमें रोडवेज परिसर का चप्पा-चप्पा कैमरे की रेंज में रहेगा। कैमरे की क्षमता को देखते हुए प्वाइंट भी चिह्नित किए गए हैं। इस लिहाज से खर्च का अनुमानित लेखा जोखा भी तैयार किया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही सीसी टीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। -मनीषलोहान, रोडवेजप्रबंधक।
वारदातों को कैद करने करने का प्रयास
स्नेचिंग,जेबतराशी तथा छेड़छाड़ की घटनाएं आम हो गई हैं। इसी लिहाज से रोहतक बस स्टैंड पर भी सीसीटीवी लगाए जाने हैं। परिसर के भीतर गुजरने वाले यात्री अथवा वाहन पर पैनी नजर रखी जाएगी। रोडवेज की बिल्डिंग, बसों को लगने के लिए बनाए गए बूथ, खान-पान के स्टाल अन्य दुकानें, हाल परिसर सबका पल-पल का ब्यौरा कैमरे में कैद किया जाएगा, जिससे किसी भी समय डाटा उपलब्ध हो सके। माना जा रहा है कि चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद इस कार्यक्रम में गति आएगी।