रोहतक. एमडीयू में सप्ताहभर पहले तक सुरक्षा के लिए शोर मचाने वाले छात्र सुरक्षा कदमों के खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं। कुलपति की ओर से विवि में गेट नंबर एक से आने और दो नंबर से जाने के रास्ते पर आपत्ति जताते हुए बुधवार को 25 से 30 छात्र गेट नंबर एक के सामने एकत्र हुए और उन्होंने दिल्ली रोड पर जाम लगा दिया। वहीं दोनों गेटों पर भी ताला जड़ दिया। इनका नेतृत्व कर रहे सुधीर, प्रदीप, नरेंद्र आशीष ने बताया कि उनकी मांग है कि विवि में दोनों गेटों को खोलकर रखा जाए और बच्चों को आने-जाने में परेशानी आए। बच्चों को दिल्ली बाइपास से आना पड़ता है ऐसे में उन्हें हादसे का भी डर रहता है। इस दौरान छात्रों ने गेट नंबर एक के सामने डिवाइडर के बीच लगे बैरिकेड्स को भी हटा दिया और उन्हें सड़क के बीच में गिरा दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक जाम लगाने वाले छात्रों को मनाने के लिए पहले सुरक्षा नियंत्रक तरुण शर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद कुलसचिव डॉ. एसपी वत्स और प्रॉक्टर डॉ. एसपी खटकड़ मौके पर पहुंचे। उनकी ओर से आश्वासन दिया कि कुलपति के आने पर बात कर मामले का समाधान कर दिया जाएगा।
अधिकारियों को दी चेतावनी
इस दौरान हंगामा करने वाले छात्रों ने मौके पर आश्वासन देने पहुंचे अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि यदि शुक्रवार तक इन रास्तों को नहीं खोला गया तो वे शुक्रवार को सुबह गेट पर ताला लगा देंगे और विवि के रास्ते को बंद कर देंगे।