- Hindi News
- िभवानी में प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
िभवानी में प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
भिवानी. जेल के पास शनिवार दोपहर एक युवक और युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। रेलवे पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के डेड हाउस में रखवाया है।
इस बारे में शनिवार दोपहर जीआरपी को सूचना मिली थी कि जेल के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक और एक युवती की लाश पड़ी है। इस सूचना के आधार पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान यहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस युवक और युवती ने शनिवार दोपहर रोहतक की ओर जाने वाली मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस को इन दोनों के शवों की तलाशी के दौरान शिनाख्त का कोई निशान नहीं मिला।
इस बारे में जीआरपी चौकी प्रभारी अमरनाथ ने बताया कि इन शवों के पास एक टूटा हुआ मोबाइल मिला है। मगर उससे भी इन दोनों की शिनाख्त कर पाना मुश्किल है। इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में मृतकों की पहचान कराने के लिए पूछताछ की। मगर पुलिस को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इस पर पुलिस उनके शवों को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची। चौकी प्रभारी ने बताया कि इन दोनों के शवों को 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए डेड हाउस में रखा जाएगा। अमरनाथ ने बताया कि मृतक युवक की उम्र करीब 20 साल तो युवती की उम्र 18 साल लग रही है। इसलिए हो सकता है कि इन दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की हो। उन्होंने बताया कि इनकी मौत के कारणों का खुलासा इनकी पहचान के बाद ही हो पाएगा।