रोहतक। सरकार द्वारा दो लाख रुपए से अधिक की सोने-चांदी की खरीद पर पैनकार्ड अनिवार्य करने के विरोध में मंगलवार को गोल्ड स्मिथ एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की आपातकालीन बैठक हुई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने गोल्ड ज्वेलर्स फेडरेशन को अपना समर्थन देते हुए बुधवार को पूर्ण रूप से बाजार बंद की घोषणा की। ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान राकेश वर्मा ने कहा कि दो लाख रुपए से ज्यादा की सोने-चांदी की खरीद पर पैनकार्ड की अनिवार्यता सरासर गलत है, क्योंकि सोने-चांदी के भाव के देखते हुए दो लाख की खरीददारी कोई मायने नहीं रखती। हरियाणा का अधिकतम व्यापार आस-पास के देहाती इलाकों से जुड़ा हुआ है और वहां के ग्राहकों के पास पैन कार्ड तो दूर की बात, आधार कार्ड भी नहीं होता। इसलिए इसके विरोध में पूरे देश के ज्वेलर्स व इस व्यापार से जुड़े सभी छोटे-बड़े व्यापारी बुधवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार हेमंत बख्शी ने बताया कि शहर में 700 से ज्यादा सोने के व्यापार से जुड़ी दुकानें हैं। बुधवार को सुबह साढ़े 10 बजे सभी ज्वेलर्स एवं सर्राफा व्यापारी अग्रसेन चौक पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को ज्ञापन देंगे। बैठक में एसोसिएशन महासचिव सोमनाथ मेहता, उप-प्रधान जोगेंद्र वर्मा, अनिल सहगल, मोहन वर्मा, मनीष मेहता, हेमंत सचदेवा, सौरभ बुट्टन, कुनाल धींगड़ा, अमित वर्मा, प्रेम चीकना और महेंद्र मोहन मेहता आदि मौजूद रहे।