चेयरमैन जवाहर यादव की बर्खास्तगी की उठाई मांग
रोहतक। भारतकी कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) के राज्य सचिवमंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की है। माकपा ने यह मांग जवाहर यादव द्वारा ट्वीट पर देश की विश्व स्तर पर प्रतिष्ठा प्राप्त जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में पढ़ रही सभी छात्राओं के चरित्र हनन संबंधी घोर शर्मनाक टिप्पणी करने पर की है। इस तरह की घटिया सोच रखने वाले व्यक्ति को किसी भी सूरत में जनता की गाढ़ी कमाई से पोषित सार्वजनिक पद पर रहने की इजाजत नहीं दी जा सकती। पार्टी राज्य सचिव सुरेन्द्र सिंह ने कहा है कि भले ही सार्वजनिक निंदा के दबाव में उन्होंने अपनी ट्वीट वापिस ले लिया है परंतु जिस तरह का घृणित और आपराधिक कुकृत्य उसने किया है उसके लिए उसे माफ नहीं किया जा सकता। माकपा ने सभी विपक्षी पार्टियों नागरिक संगठनों और तमाम नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की घृणित आचरण करने वाले व्यक्ति को सार्वजनिक पद से बर्खास्तगी के लिए आवाज उठाएं।