पीजीआई के गैर शिक्षक कर्मचारियों ने सोमवार तक का दिया अल्टीमेटीम
पीजीआईके सुरक्षाकर्मियों और नॉन टीचिंग कर्मचारियों का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। एक दिन पहले चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय पर हंगामा खड़ा होने के बाद भी आश्वासन पूरा नहीं हुआ। एमएस डॉ. अशोक चौहान की ओर से सुरक्षाकर्मी और सुपरवाइजर को हटाने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन उन्हें अभी हटाया नहीं गया है। इसके चलते गैर शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें नहीं हटाया गया, तो पीजीआइ की सिक्योरिटी कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की मुहिम छेड़ दी जाएगी। एक सप्ताह पहले गैर शिक्षक संघ के एक पदाधिकारी की मां की तबीयत खराब होने पर पीजीआइ के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया था। इस दौरान एक महिला सुरक्षाकर्मी ने संघ के पदाधिकारी को आपातकालीन विभाग में जाने से रोक दिया था। इस बात को लेकर जमकर हंगामा हुआ था। गुरुवार को इस मामले में सिक्योरिटी कंपनी के एक सुपरवाइजर से गैर शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की कहासुनी हो गई। कर्मचारियों ने उसे भी हटाने की मांग की, जिस पर आश्वासन मिला। गैर शिक्षक संघ के प्रधान रवि सांगवान ने कहा कि पहले महिला सुरक्षाकर्मी फिर सुरक्षा अधिकारी के सामने सुपरवाइजर ने अभद्रता की। सोमवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो सिक्योरिटी कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग करेंगे।