एथलीट बनकर जयपुर तक घूमे, भंडारे में खाया खाना
राजेंद्राकॉलोनी से संदिग्ध हालात में लापता हुए दो छात्रों में से एक पांच दिन बाद बुधवार को अपने घर पहुंच गया, जबकि उसका साथी डर की वजह से दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही रुक गया।
एक छात्र के घर पहुंचने पर उसके परिवार ने चैन की सांस ली तो दूसरों को भी बच्चे की मिलने की आस बंध गई। दूसरे छात्र को ढूंढने के लिए दोनों के परिजन दिल्ली रवाना हो गए, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनका सुराग नहीं लग सका है। दोनों छात्र जयपुर में सैर-सपाटा कर रहे थे और ट्रेन में खुद को एथलीट बताकर सफर किया। डीसी कार्यालय में क्लर्क राजेंद्र कॉलोनी निवासी विष्णु उर्फ राजेश का इकलौता बैटा अमन जॉन वेस्ले स्कूल में नौवीं क्लास का छात्र है। शनिवार सुबह 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला और शाम तक नहीं पहुंचा। परिजनों ने स्कूल में संपर्क साधा तो पता चला कि अमन स्कूल पहुंचा ही नहीं। बाद में पठानिया स्कूल में नौवीं क्लास में पढ़ने वाला कॉलोनी का ही रवि पूनिया भी लापता मिला। दोनों के परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। उधर, पुलिस भी केस दर्ज कर दोनों की सुरागरसी में जुट गई थी।
स्टेडियम के पास दूधिया ने पहचाना
पांचदिन से दोनों की तलाश चल रही थी। वहीं, अमन बुधवार सुबह सात बजे राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास खड़ा था। इसी दौरान अमन के घर के पड़ोस में दूध लाने वाले दूधिया ने उसे पहचान लिया और बाइक पर बैठाकर उसके घर ले गया। अमन को देख परिजनों की सांस में सांस आई। रवि के बारे मे पूछा तो उसने बताया कि डर की वजह से वह दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ही रुक गया। फिर क्या था, परिजन उसकी तलाश में दिल्ली रवाना हो गए।
अधिकांश समय ट्रेन में
किया सफर
अमनने बताया कि उसके पास 200-300 रुपए थे, जबकि रवि के पास करीब पंद्रह सौ रुपए थे। शनिवार को दिल्ली पहुंचने पर टीटी ने उन्हें बिना टिकट पड़ लिया तो दोनों ने खुद को एथलीट बताया। इस पर टीटी ने भी जुर्माना लेने की बजाय उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद वे जयपुर की ट्रेन में बैठे और दो दिन घूमे। यहां भंडारे में खाना खाया। उसके बाद दिल्ली को रवाना हो गए। अधिकांश समय उन्होंने ट्रेन में सफर में बिताया। मंगलवार को दोनों दिल्ली पहुंच गए। बुधवार सुबह 4 बजे अमन रोहतक की ट्रेन में बैठा, लेकिन रवि ने साथ आने से इंकार कर दिया। अमन के अनुसार रवि ने बाद में आने की बात कही।
रोहतक. जयपुरतक सैर-सपाटे के बाद घर पहुंचा 9वीं का छात्र अमन मां के साथ।