पूर्व फौजी से ढाई लाख लूटने वाले का स्कैच जारी
रोहतक | लाखनमाजरामें सेवानिवृत्त फौजी बलजीत से सोमवार रात ढाई लाख रुपये लूटने वाला पुलिस के शिकंजे से दूर है। आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने उसका स्कैच जारी कर दिया है। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई थी।
पुलिस ने मंगलवार को लूट के मामले की छानबीन करते हुए आरोपी की तलाश शुरु की। पीड़ित से बातचीत कर पुलिस ने आरोपी का स्कैच तैयार कराया। इसके सहारे लुटेरे तक पहुंचना आसान हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के स्कैच सभी जिलों के थाने चौकियों में भेज दिया है। देर रात तक आरोपी का सुराग नहीं लगा था। बता दें कि बलजीत के पिता भीम सिंह की आठ फरवरी की रात तबियत बिगड़ गई। इसके चलते परिवार उन्हें पीजीआईएमएस ले आया। यहां इलाज के लिए रुपयों की जरूरत पड़ने पर वह घर आया था। आस पड़ोस से ढाई लाख रुपये जुटा कर वह पीजीआई के लिए लाखन माजरा में वाहन का इंतजार कर रहा था। इस दौरान एक कार वहां आकर रुकी। इसमें उसने लिफ्ट ले ली। रास्ते में चिड़ी में पास कार सवारों ने उसे मारपीट कर रुपये छीन लिए।