स्कूल बस भिड़ी, 2 छात्राओं की मौत, 39 बच्चे घायल
झज्जर-बहादुरगढ़रोड पर एक प्राइवेट स्कूल बस की टक्कर में दो छात्राओं की मौत हो गई। 39 बच्चे घायल हो गए। आमने-सामने की टक्कर की वजह धुंध और चालकों की लापरवाही बताई जा रही है। पुलिस ने स्कूल बस चालक धर्मबीर और प्राइवेट बस चालक दिलीप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
हादसा मंगलवार सुबह 7:45 बजे हुआ। माउंट व्यू पब्लिक स्कूल की बस में झज्जर रोड स्थित गोयला कलां, दुल्हेड़ा, खेड़का डाबोदा गांव के 41 बच्चे सवार थे। डाबौदा गांव के पास चालक धर्मबीर एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान बहादुरगढ़ से झज्जर जा रही सवारियों से भरी प्राइवेट बस के साथ टक्कर हो गई। 7वीं की छात्रा स्वीटी (13) 10वीं की छात्रा ज्योति (16) पुत्री नरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों बसों के चालक बाकी 39 बच्चे जख्मी हो गए। प्राइवेट बस के पीछे रही रोडवेज बस के स्टाफ ने राहगीरों की मदद से बच्चों को निकाला। घायलों को रोडवेज बस में बैठाकर अस्पताल ले जाया गया। दो बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक दो को दिल्ली रेफर किया गया है।
बहादुरगढ़ में धुंध लापरवाही बनी हादसे की वजह, बस चालकों पर गैर इरादतन हत्या का केस