रोहतक। अप्पू घर से पुराना बस स्टैंड तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड के विरोध में व्यापारियों का एक खेमा खुलकर और व्यवस्थित तरीके से सामने आ गया है। भिवानी स्टैंड पर बैठक कर उक्त खेमे के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एलीवेटेड विरोधी कमेटी गठित कर विरोध का ऐलान भी कर दिया। इन्होंने दावा किया है कि इस प्रोजेक्ट को लेकर प्रभावित 1500 व्यापारियों के बीच उन्होंने सर्वे करवाया है, जिसमें से 95 फीसदी दुकानदार विरोध में हैं।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि यह बर्बादी वाला प्रोजेक्ट है और इसे किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे इसके लिए कुछ भी क्यों न करना पड़े। वहीं, विधायक मनीष ग्रोवर का कहना है कि कुछ व्यापारी कम कांग्रेसी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट से व्यापार बढ़ेगा, जिसकी वह जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं।
आज से लगेंगे एलीवेटेड विरोधी होर्डिंग
अपनी आवाज बुलंद करने के लिए बैठक में मौजूद व्यापारियों ने एलीवेटेड विरोधी कमेटी का गठन किया है। धीरज चावला को कमेटी का प्रधान व डॉ. धर्मपाल मुद्गिल को सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधान चावला ने कहा कि शनिवार से मार्केटों में एलीवेटेड विरोधी होर्डिंग्स लगवाए जाएंगे तथा प्रोजेक्ट कैंसिल न होने पर ज्ञापन व धरना-प्रदर्शन का दौर शुरू होगा। बैठक में सुरेंद्र अग्रवाल, बिट्टू सचदेवा, गौरव डाबड़ा, राजेश नासा, मनोज खट्टर, विकास गोयल, सुनील बल्ली, डॉ.सरदारी लाल वर्मा, डॉ. अजय गोदारा, नरेश हुडिया, सतीश खन्ना, अशोक सिक्का, अतुल मिढ़ा, रितेश सिंहपुरिया, वरूण जैन आदि मौजूद रहे।
एक सप्ताह तक चला सर्वे : बैठक में किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान बिट्टू सचदेवा व कच्चा बेरी रोड के डॉ. धर्मपाल मुद्गिल ने कहा कि एक सप्ताह तक सर्वे कर एलीवेटेड रोड से प्रभावित होने वाली मार्केट के करीब 1500 दुकानदारों से उनकी राय ली गई है। 95 फीसदी से अधिक दुकानदार एलीवेटेड रोड के विरोध में हैं। ऐसे में साफ जाहिर है कि इस प्रोजेक्ट को पास कराने से पहले व्यापारियों की राय नहीं ली गई और बंद कमरे में प्रस्ताव तैयार किया गया।
एलीवेटेड रोड व्यापारियों के हित में है। इसका विरोध करने वाले व्यापारी कम कांग्रेसी ज्यादा हैं। व्यापारी इसके लिए पूरा सहयोग दे चुके हैं। व्यापारियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कुछ लोग राजनीति चमकाने के लिए जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे व्यापारियों का व्यापार घटेगा नहीं, बल्कि बढ़ेगा। मैं इसकी जिम्मेदारी लेता हूं।- मनीष ग्रोवर, विधायक