रोहतक. सिस्टम में बदलाव कर नयापन लाने के लिए तरह-तरह के प्रयोग करने वाले रोहतक रेंज के आईजीपी ने फोर्स को तनावमुक्त व फिट रखने के लिए एक और पहल की है।
कर्मचारियों के साथ चाय पर चर्चा के बाद अब रेंज में खेलकूद व फिटनेस कांसेप्ट शुरू होगा। इसके तहत पुलिस की हर यूनिट पर विशेष तौर पर खेलकूद के सामान से लैस एक मनोरंजन कक्ष की स्थापना होगी। साथ ही खेल के लिए एक मैदान भी तैयार किया जाएगा। बुधवार को आईजीपी श्रीकांत जाधव ने रेंज के सभी एसपी को पत्र जारी कर उक्त निर्देशों का पालन कराने की जिम्मेदारी महकमे की कल्याण शाखा को दी है।
सीआईए-वन में चालक की हत्या के बाद मुंशी द्वारा आत्महत्या करने की घटना के बाद आईजी ने फोर्स का तनाव कम करने के लिए मुहिम शुरू की। प्रत्येक शुक्रवार को आईजी ऑफिस के सौ से अधिक कर्मचारियों के अलावा रेंज के चारों जिलों से पांच-पांच पुलिसकर्मी चाय पर चर्चा में शामिल होते हैं और आईजी के सामने अपने मन की बात रखते हैं। इस दौरान भजन-संगीत का दौर भी चलता है।
ड्यूटी के बाद खेल-समाचार पत्र से मिटाएंगे टेंशन
आईजी ने निर्देश दिए हैं कि रेंज की जिला पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालयों, थाना, चौकी व अन्य यूनिट्स के भवनों में कुछ स्थान पुलिस-कर्मचारियों के लिए सुनिश्चित किए जाएंगे। ड्यूटी के बाद फोर्स की थकान दूर हो और फिटनेस बनी रहे, इसके लिए भवन का एक कमरा मनोरंजन कक्ष के लिए निर्धारित किया जाएगा। अगर भवन में कक्ष उपलब्ध नहीं है तो नया निर्माण कराया जाएगा। इनमें वालीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कैरम बोर्ड, बैडमिंटन व शतरंज के अलावा समाचार पत्र व पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेंज में फोर्स की स्थिति
| डीएसपी -28 | एसआई - 572 |
| इंस्पेक्टर-72 | कांस्टेबल- 210 |
| एसआई-217 | हेड कांस्टेबल -5474 |
|