रोहतक. शहर की जनता को बंदरों से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने साेनीपत से एक ठेकेदार को और आमंत्रित किया है। यह ठेकेदार सोमवार से बंदर प्रभावित इलाकों से बंदरों काे पकड़ने का कार्य शुरू करेगा।
पहले ठेकेदार ने दो माह बीत जाने के बाद अब तक मात्र 90 बंदराें को पकड़ा है। उसके ढीले रवैए के चलते निगम ने दूसरे ठेकेदार को आमंत्रित किया है। अब दोनों ठेकेदारों को 900 रुपए प्रति बंदर के हिसाब से बंदर पकड़ने हैं। इसके पहले ठेकेदार मोहम्मददीन को 980 रुपए प्रति बंदर के हिसाब से निगम की ओर से भुगतान किया जाता रहा है। दोनों ठेकेदारों के एक साथ बंदर पकड़ने से उम्मीद है कि काम में तेजी आएगी।
बंदरों के आतंक से शहरवासी परेशान हैं। बंदर न केवल कपड़ों व अन्य सामान को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वहीं लोगों को भी काट रहे हैं। पहले भी निगम ने 1000 बंदरों की पकड़ने की अनुमति ली थी, लेकिन टारगेट पूरा नहीं किया जा सका। इन बंदरों को पकड़कर कलेसर, यमुनानगर में भेजा जाना है, जिनकी मेडिकल के साथ ही वीडियोग्राफी भी होगी।