पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • बुजुर्ग खाप चौधरियों की एक नहीं चली युवाओं ने संभाली कमान, लगाया जाम

बुजुर्ग खाप चौधरियों की एक नहीं चली युवाओं ने संभाली कमान, लगाया जाम

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सांपला. जाट आरक्षण को लेकर हिसार के मय्यड़ में रविवार को रेलवे ट्रैक से जमा हटा तो रविवार को सांपला में जाटों ने नेशनल हाईवे 10 को राेक लिया। रोहतक, सोनीपत और झज्जर जिले की खाप पंचायतों के चौधरियों की रविवार को छोटूराम संग्राहलय परिसर में स्वाभिमान रैली हुई। इस रैली में नौ सदस्यीय कमेटी ने रैली के अंत में अहलावत खाप के प्रधान जय सिंह के नेतृत्व में फैसला सुनाया कि सरकार द्वारा 31 मार्च तक का समय मांगा है।
अगर सरकार ने उनके हक में फैसला नहीं दिया तो 6 अप्रैल को दोबारा बैठक होगी और आंदोलन के लिए फैसला लिया जाएगा। इस पर वहां बैठे युवा जाट नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया और माइक थामकर कहा कि इंतजार बहुत हो चुका है। सरकार पर दबाव बनाने के लिए रोड या रेलवे ट्रैक को जाम किया जाए। इसके बाद युवाओं की भीड़ दोपहर बाद दो बजे नेशनल हाईवे नंबर-10 पर जा पहुंची और दिल्ली रोड को जाम कर दिया। बुजुर्गों का होश, इन युवाओं के जोश के सामने नहीं चला।

अब गांव-गांव को कर देंगे जाम
युवाओं का विरोध बढ़ता देख बाद में सभी खाप चौधरी भी जाम में शामिल हो गए। जाट नेताओं ने सड़क पर ऐलान किया कि अब गांव-गांव जाने वाले रास्ते को जाम किया जाएगा। गढ़ी-सांपला में भी युवाओं की एक टोली गई है। यदि ऐसा होता है ताे सोमवार को सरपंचों के राज्यस्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में अड़ंगा लग सकता है। यही वजह रही कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाें में जुटे प्रशासन की एकदम जाम लगने के बाद सांसें फूल गई हैं। भारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का दल मौके पर पहुंचा, लेकिन जाटों ने साफ कह दिया कि जब तक कोई वरिष्ठ जाट नेता आकर आश्वासन नहीं देता वे यहां से नहीं हटेंगे। समाचार लिखे जाने तक जाट नेशनल हाईवे-10 पर जमे थे। वहीं, सोमवार को जाट रेलवे ट्रैक की ओर से जा सकते हैं।
लंबी लड़ाई की तैयारी में जाट
जाटों ने शाम ढलते ही जामस्थल के पास ही खाने का इंतजाम करना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि एक पूर्व सरपंच ने खाने की जिम्मेदारी ली। जाटों ने सड़क पर दरियां बिछा ली हैं। सड़क पर ट्रैक्टर पर देशभक्ति गाने और आरक्षण की मांग करती रागनियां बजाई जा रही हैं।
रूट किए डायवर्ट
सांपला में नेशनल हाईवे पर जाम लगा होने से रूट भी डायवर्ट करना पड़ रहा है। रोहतक से जाने वाले व दिल्ली से आने वाले वाहनों को वाया झज्जर और बेरी होकर निकाला जा रहा है। रोहतक-खरखौदा के रास्ते वाहन जा रहे हैं। बड़े वाहन जाम में ही फंस गए हैं।
पुलिस रही 300 मीटर दूर
भीड़ किसी प्रकार की कोई हिंसक घटना न करे इसलिए डीएसपी अमित दहिया व अन्य पुलिस बल जामस्थल से करीब 300 मीटर दूर खड़ा रहा। वहीं, खड़े होकर निगरानी की जा रही है।
खबरें और भी हैं...