पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरोहतक. अक्षय तृतीया के महामुहूर्त में सुख, सौभाग्य व समृद्धि पाने के लिए शहरवासियों ने पूरी तैयारी कर ली है तो शहर के बाजार भी इस मुहूर्त का फायदा उठाने के लिए सजकर तैयार हैं। सोमवार को इस महासंयोग के दिन खरीदारी करने के साथ पुण्य कमाने का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त दोपहर 12:47 बजे तक है।
सर्राफा से लेकर ऑटोमोबाइल बाजार हो या इलेक्ट्रॉनिक क्षेत्र से लेकर रियल एस्टेट मार्केट। हर जगह ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एक से एक बेहतर ऑफर्स की भरमार है। जहां गहनों के बड़े शोरूमों पर 60 हजार रुपए सोने की ज्वेलरी खरीदने पर 0.5 ग्राम का सोने का सिक्का मुफ्त मिल रहा है, वहीं, दो व चार पहिया वाहनों पर 20 से 30 फीसदी तक आकर्षक छूट और पुरानी गाड़ी पर भी शानदार एक्सचेंज ऑफर दिए जा रहे हैं।
अक्षय तृतीया पर सूर्य और चंद्र दोनों अपने परम उच्च अंश पर रहते हैं, इसलिए इस दिन अभिजीत मुहूर्त रहता है। ज्योतिषाचार्य पंडित नेमचंद भारद्वाज ने बताया कि अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने से सूर्य का बल मिलता है, जो समृद्धि और प्रसिद्धि दिलाता है। वहीं, जमीन खरीदने पर मंगल की शुभता मिलती है, जो कि धन-धान्य से पूर्ण करता है। साथ ही, घर खरीदने से प्रतिष्ठा की प्राप्ति होती है। भारद्वाज ने बताया कि घर में सुख समृद्धि बनाए रखने के लिए चांदी या अन्य हीरे जवाहरात खरीदने पर शुक्र की शुभता आती है।
इस दिन क्या करें
-सुबह पवित्र जल से स्नान करने के बाद पूजा-अर्चना करें। स्नान के बाद पंखा, घड़ा, चावल, नमक, घी, शक्कर, साग, इमली, फल व वस्त्र का दान कर ब्राह्मणों को दक्षिणा दें।
-धर्मप्रिय लोग इस दिन सत्तू अवश्य खाएं। साथ ही नवीन वस्त्र धारण करें। अक्षय तृतीया के दिन नया आभूषण बनवाकर पहनने की परंपरा है। यह संभव न हो, तो नवीन आभूषण जरूर पहनें।
-नवीन स्थान, संस्था, समाज आदि की स्थापना या उद्घाटन भी आज ही करना अतिशुभ रहेगा।
डाकघर में आज सिक्का खरीदने पर 7.5 फीसदी छूट
अक्षय तृतीया के दिन सोने का सिक्का खरीदने पर डाकघरों में 7.5 फीसदी की छूट मिलेगी। डाक विभाग ने आगामी 30 जून तक सोने की खरीद पर विशेष छूट दी जा रही है। मुख्य डाकघर के उप डाकपाल गुलशन कुमार ने बताया कि सोने के सिक्कों पर मई में सात फीसदी की छूट दी गई है, लेकिन अक्षय तृतीया पर आधा फीसदी की अतिरिक्त छूट मिलेगी। यह छूट 13, 15 और 16 जून को भी मिलेगी। 24 कैरेट के सोने का उस दिन जो अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य होगा, उसी आधार पर छूट दी जाएगी। उन्होंने बताया कि यह छूट सिर्फ रोहतक व बहादुरगढ़ के प्रधान डाकघर में ही मिलेगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.