रोहतक | स्कूल से घर लौट रही छात्रा का पाड़ा मोहल्ले के एक युवक ने जुलाहा चौक पर अश्लील फब्तियां कसने के साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक अमन को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेजा गया है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह स्कूल से छुट्टी के बाद शाम साढ़े पांच बजे घर जा रही थी। रास्ते में जब चौक पर पहुंची तो पाड़ा मोहल्ले का युवक अमन आ गया और उस पर फब्ती कसने लगा। उसने विरोध किया तो छेड़छाड़ का प्रयास किया और हाथापाई शुरू कर दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता घर पहुंची और पिता को मामले से अवगत कराया। पिता-पुत्री पुराने सब्जी मंडी थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी संदीप के दिशा-निर्देश पर पुलिस ने रात को दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया।