रोहतक. शहर में जाम हुए सीवरेज सिस्टम ने लोगों के सामने कई समस्याएं खड़ी कर दी है। पहले लोगों को गंदगी की समस्या से ही दो चार होना पड़ता था, लेकिन अब यह पड़ोसियों के बीच लड़ाई का सबब भी बन गया है। अमृत कालोनी में सीवर के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों की महिलाएं भिड़ गईं, जिसमें एक महिला घायल हो गई। मामला थाने पहुंच गया, लेकिन सीवर के पानी का मामला होने के कारण कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने नगर निगम अधिकारी को शिकायत देकर समस्या से निजात की मांग की है।
सूत मिल के पास अमृत कालोनी निवासी सुदेश, सावित्री, तारा, महावीर, संदीप, राजकुमार, मनोज, सुरेन्द्र, सत भगवान का कहना है कि कालोनी में सीवर जाम होने की समस्या पिछले 5-6 महीनों से बनी हुई है। इसकी निकासी को लेकर पड़ोसी आपस में उलझ रहे हैं। रविवार को पानी की निकासी को लेकर पड़ोस के दो परिवारों की महिलाएं भिड़ गईं, जिसमें सरोज घायल हो गई। लोगों का कहना है कि पार्षद द्वारा सुनवाई न करने पर निगम अधिकारी व एडीसी से भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या से निजात नहीं मिल सकी।