पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अतिक्रमण हटाओ कमेटी बैकफुट पर, किला रोड से ही बैरंग लौटी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक। अतिक्रमण हटाने के लिए सड़क पर उतरे पार्षदों का पहला ही अनुभव कड़वा रहा। आधा दर्जन बाजारों में एक दिन पहले जाकर गांधीगिरी के अंदाज में अतिक्रमण हटाने की अपील करने वाले पार्षद गुरुवार को किला रोड पर पहुंचे तो जबरदस्त झटका लगा। किसी ने भी अतिक्रमण नहीं हटाया और जब चालान काटने लगे तो रोड के प्रधान ने ही हाथ रोक दिया।
बैरंग लौटे पार्षदों ने निगम अधिकारियों को दो टूक कहा कि सख्ती से कार्रवाई करो, वरना ड्रामा करने की जरूरत नहीं। एटीपी बोले, डिप्टी कमिश्नर एवं निगम आयुक्त शेखर विद्यार्थी शहर से बाहर हैं। उनके आते ही बातचीत करके सख्त कदम उठाएंगे।
शहर के मुख्य बाजार किला रोड, रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड, शौरी मार्किट, प्रताप चौक, चमेली मार्किट, शिवाजी कालोनी, झज्जर रोड व दूसरे बाजारों में अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की समस्या रहती है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम में वार्ड 19 के पार्षद अनिल कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय पार्षदों की अतिक्रमण हटाओ कमेटी गठित की गई है।
इसमें पार्षद सूरजमल रोज, बलराज बल्लू, उपासना देवी व सीनियर डिप्टी मेयर मंजु हुड्डा को शामिल हैं। कमेटी बुधवार को आधा दर्जन बाजारों में गई और हाथ जोड़कर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा, लेकिन उनकी अपील बेअसर रही।
कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति, चालान के 500 रुपए भी नहीं ले सकी टीम : गुरुवार दोपहर सवा 12 बजे अतिक्रमण हटाओ कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर के पति बिजेंद्र हुड्डा व भाजपा पार्षद पूनम किलोई के पति सूरजमल निगम के भू-अधिकारी नीरज भारद्वाज के साथ किला रोड पहुंचे। उनके साथ प्रधान बिट्टू सचदेवा भी थे। टीम को देख कुछ दुकानदारों ने सामान अंदर रख लिया, जबकि ज्यादातर ने पहले की तरह ही अतिक्रमण किए रखा। निगम की टीम ने फड़ी लगाने वाले एक दुकानदार का 500 रुपए का चालान काट दिया, लेकिन जब चालान की राशि मांगी तो दुकानदार ने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं तो टीम खाली हाथ आगे बढ़ गई।

पार्षदों ने फिर टोका तो प्रधान ने चालान काटने से रोका
अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को पार्षदों ने टोका कि कल आपको हाथ जोड़कर कहा था, लेकिन फिर भी आप नहीं माने। एलओ को दुकानदारों के चालान काटने के लिए कहा। जब निगम कर्मचारी चालान काटने लगा तो प्रधान बिट्टू ने हाथ रोक दिया। बोले, आज-आज और टाइम दे दाे। कल से सामान सड़क पर नहीं होगा।
^डीसी एवं निगम आयुक्त शेखर विद्यार्थी शहर से बाहर गए हैं। उनके आने के बाद अतिक्रमण को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे। पार्षदों के प्रयास सराहनीय हैं। निगम प्रशासन उनके साथ है।
-कृष्ण कुमार, कार्यकारी डीएमसी एवं एटीपी।
शायद अक्ल आ जाए : प्रधान
^किला रोड के प्रधान बिट्टू सचदेवा का कहना है कि वे अतिक्रमण हटाने के पक्ष में हैं। चालान काटने से निगम के कर्मचारियों को इसलिए रोक दिया, ताकि सड़क पर सामान रखने वालों को अक्ल आ जाए। आगे वे कार्रवाई के बीच में नहीं आएंगे। निगम प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
(फोटो- किला रोड पर अतिक्रमाण करने वाले दुकानदार का चालान करते नगर निगम के कर्मचारी व साथ में खड़े पार्षद।)