पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Black Marketing Of Gas, Including 76 Cylinders, Four Arrested

गैस की कालाबाजारी, 76 सिलेंडरों सहित चार दबोचे

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक. बड़े पैमाने पर घरेलू गैस की कालाबाजारी करने वाले रैकेट का खुलासा करते हुए सिटी थाना पुलिस ने शुक्रवार को नेहरू कालोनी से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान यूपी निवासी सुबोध, मुनेश, दिनेश, जगदेव के रूप में हुई है, जिनके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से विभिन्न कंपनियों के छोटे-बड़े 76 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। रैकेट में कौन-कौन शामिल हैं, इसके लिए आरोपियों से पूछताछ जारी है।
होम डिलीवरी मैन बताते थे खुद को
नेहरू कालोनी में बाईपास की तरफ एक बस्ती है, जिसमें ज्यादा घनी आबादी नहीं है। आरोपियों ने अपने धंधे को अंजाम देने के लिए इसी बस्ती का एक मकान किराए पर लिया था। यह मकान डेयरी मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति का है, जो बाहर नौकरी करता है। लोगों की मानें, तो किसी को शक न हो इसके लिए पकड़े गए माफिया खुद को गैस एजेंसी से घरों पर होम डिलीवरी करने वाला बताते थे।
तीन कंपनियों के छोटे-बड़े सिलेंडर
नेहरू कालोनी स्थित मकान से मिले सिलेंडर सभी कंपनियों के हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि मौके से इंडेन के 21 बड़े सिलेंडर, भारत गैस के 7 छोटे और 3 बड़े सिलेंडर और एचपी के 11 बड़े व 34 छोटे सिलेंडर बरामद हुए हैं। यह एक बड़ा सवाल है कि एक ही स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर कैसे इकट्ठा हुए।
यूं देते थे अंजाम: पकड़े गए माफिया छोटे-बड़े गैस सिलेंडरों में खेल कर अपने कारनामे को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक छोटे सिलेंडर 1000 से 1200 तथा बड़े सिलेंडर 2000 रुपए से अधिक कीमत में ब्लैक करते थे। इसके अलावा आरोपी ब्लैक में होम डिलीवरी और दुकानों पर भी सप्लाई करते थे। होम डिलीवरी से पहले सिलेंडरों से गैस भी निकाल ली जाती थी।