रोहतक. महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर और प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली ओपन वर्ग की काउंसिलिंग में मेरिट में आने वाले आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। इस बार काउंसिलिंग दो सत्रों की बजाय एक ही सत्र में सुबह नौ बजे से शुरू होगी। इसके लिए विवि की दाखिला कमेटी ने हरी झंडी दे दी है। यह निर्णय विवि के छात्र संगठनों के आग्रह और शिकायतों के आधार पर लिया है।
कुलपति से अंतिम मंजूरी मिलते ही इसी सप्ताह दाखिले की अधिसूचना जारी होने के आसार हैं। अभी तक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में सुबह नौ बजे ओपन कैटेगरी के विद्यार्थियों के दाखिले होते रहे हैं। इसके बाद अपराह्न् दो बजे के बाद आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों की काउंसिलिंग होती थी। ऐसे में मेरिट में आने वाले आरक्षित वर्ग के विद्यार्थी दाखिले से वंचित रह जाते थे।
पिछले शैक्षणिक सत्र में मिली शिकायतों को ध्यान में रखते हुए विवि प्रशासन ने आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को सुबह नौ बजे होने वाली काउंसिलिंग में शामिल करने का निर्णय लिया है। ओपन वर्ग की सीटें भरने के बाद आरक्षित वर्ग की शेष सीटों पर काउंसिलिंग करते हुए विद्यार्थियों के दाखिले होंगे।
एमटेक दाखिलों का जिम्मा मुरथल विवि को
राज्य सरकार ने एमटेक के दाखिलों का जिम्मा मुरथल विवि को सौंपने का निर्णय लिया है। इसके लिए विद्यार्थियों को मुरथल विवि की वेबसाइट के माध्यम से जानकारी जुटानी होगी।
विवरणिका आगामी सप्ताह तक
विवि की ओर से पहली बार पूरी तरह ऑनलाइन दाखिले होंेगे। इस बार विद्यार्थियों को अलग से कोई दाखिला फार्म नहीं मिलेगा। इसमें एमए, एमएससी, एमकॉम, एमबीए, लॉ जैसे पाठ्यक्रमों की सीटों की संख्या और प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल का ब्यौरा होगा। आगामी सप्ताह तक प्रवेश विवरणिका के उपलब्ध होने के आसार हैं। इसकी कीमत 100 रुपए रहेगी। विद्यार्थियों को परेशानी से बचाने के लिए प्रवेश विवरणिका विवि के पूछताछ केंद्र के अलावा बैंकों में भी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।