पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम चलाई, दुकानदारों से झड़प हुई तो सामान जब्त किया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(यूं ठीक नहीं : रेलवे रोड पर सामान जब्त करने से नाराज दुकानदार ट्रैफिक एसएचओ मंजीत सिंह से बहस करत।)
रोहतक। अतिक्रमण को लेकर तीन दिन गांधीगिरी से काम नहीं चला तो निगम पार्षद शुक्रवार को बैकफुट से फ्रंटफुट पर आ गए। न केवल निगम के अधिकारियों व अतिक्रमण हटाओ टीम को साथ लेकर रेलवे रोड, किला रोड, झज्जर रोड व शिवाजी कालोनी बाजार में दस्तक दी, बल्कि कई जगह सड़क पर रखा सामान तक जब्त कर लिया। तीन जगह निगम की टीम के साथ दुकानदारों की झड़प भी हुई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते अतिक्रमणकारियों की एक न चली।
अब शनिवार से निगम उन व्यापारियों को भी नोटिस थमाएगा, जिन्होंने दुकानों के बाहर सीढ़ियां बनाकर ग्रिल लगा रखी है। एक माह पहले निगम में प्रस्ताव पास करके शहर के बाजारों से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई का फैसला लिया गया था। बार-बार चेतावनी के बाद भी अतिक्रमणकारी बाज नहीं आए। यहां तक तीन दिन से निगम पार्षदों ने हाथ जोड़कर दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने की अपील की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ कमेटी के अध्यक्ष एवं पार्षद अनिल कुमार, पार्षद बलराज उर्फ बल्लू व सूरजमल रोज ने निगम के कार्यकारी डीएमसी एवं एटीपी कृष्ण कुमार से दो टूक बात की। 15 मिनट चली मीटिंग में तय हुआ कि 3:15 बजे निगम की टीम सबसे पहले किला रोड बाजार में दबिश देगी।
छापे की सूचना लीक, निगम की टीम ने बदली रणनीति

निगम का अतिक्रमण हटाओ दस्ता भिवानी स्टैंड पर पहुंचा। थोड़ी देर बाद निगम के एटीपी कृष्ण कुमार व अतिक्रमण हटाओ कमेटी के चेयरमैन अनिल भी पार्षदों की टीम सहित पहुंच गए, लेकिन सामान उठाने की खबर पहले ही लीक हो चुकी थी। इसलिए किला रोड पर दुकानदार सामान समेट चुके थे। निगम की टीम ने आखिरी समय पर रणनीति बदली और रेलवे रोड पर दस्तक दे दी। मोड़ के ऊपर हलवाई के गैस चूल्हे, सिलेंडर व दूसरा सामान तक जब्त कर लिया।
भेदभाव नहीं, कांग्रेस के साथ भाजपाइयों को भी चेताया
टीम ने रास्ते में खंबों पर लगे बोर्ड उतरवाए और सड़क के ऊपर बनाई गई सीढिय़ों को लेकर दुकान मालिकों को चेतावनी दी कि अगर शनिवार दोपहर तीन बजे ग्रिल नहीं उखाड़ी गई तो निगम की टीम जेसीबी लाकर तोड़फोड़ करेगी। दुकानदारों ने भी अपनी सहमति व्यक्त की। कांग्रेस नेता अशोक काका को भी दुकान से बाहर बुलाकर सड़क के ऊपर बनाई गई सीढ़ियां हटाने का आग्रह किया। इसके बाद भाजपा पार्षद एवं रेलवे रोड के प्रधान अजय जैन उर्फ टाटू को कहा कि वे दुकान के बाहर लगे अपने बोर्ड को हटा लें। जैन ने निगम पार्षदों को कहा कि वे उनके साथ हैं और बोर्ड हटा लेंगे।
बुजुर्ग बोला, पिछले सभी अतिक्रमण हटा लिए क्या?

अतिक्रमण हटाओ टीम चार बजे अग्रसेन चौक पर पहुंची, जहां 10-10 फीट का अतिक्रमण टीम की दस्तक से सिमटा नजर आया। हालांकि कोने पर परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदारों को जब निगम के अधिकारियों से चेतावनी दी तो वे एटीपी कृष्ण कुमार से ही उलझ गए। एक बुजुर्ग दुकानदार ने तो अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि पिछले सभी अतिक्रमण हटा लिए क्या। दूसरे दुकानदारों ने माफी मांगकर मामले को शांत किया। निगम प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी कि अतिक्रमण किसी भी हालत में सहन नहीं होगा।
...जब किला रोड पर दुकानदार बोला, प्रधान ने ही अतिक्रमण करो: सड़क के पर फड़ी लगा बैठे दुकानदारों से कहा कि वे निगम द्वारा तय सीमा में ही रहें। दुकानदार ने कहा कि प्रधान बिट्टू सचदेवा ने ही कहा कि आगे तक सामान रख लें। इस पर निगम पार्षदों व अधिकारियों ने प्रधान बिट्टू सचदेवा को बुलाया। सचदेवा ने आकर कहा कि मैंने तो केवल पाइप तक सामान रखने के लिए कहा था।
अभियान पर राजनीति न पड़ जाए भारी : पार्षदों ने बाजारों को जाम मुक्त करने के लिए अभियान छेड़ा है लेकिन कुछ व्यापारी नेता मामले को लेकर निगम प्रशासन पर राजनीतिक दबाव डलवाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को भी फैसला करना होगा कि वे अतिक्रमणकारियों के साथ हैं या आम आदमी के साथ, जो हर समय सड़क पर जाम के चलते परेशान रहता है।
आगे की स्लाइड में देखिए तस्वीरें...