रोहतक. भाजपा में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की कमान संभाल रहे प्रो. गणेशीलाल ने पार्टी के नेताओं की चुनाव को लेकर ड्यूटियां लगाई है। इनमें रामेश्वर चौहान व जगदीश चोपड़ा को प्रदेश भाजपा कार्यालय में नेताओं के कार्यक्रम तय करने की जिम्मेदारी तय की गई है।
आदित्य अनिरुद्ध चौटाला को डबवाली विस क्षेत्र के चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व राजदूत आनंद सिंह तूर को बादली विस, दलित नेता कांता आलडिय़ा को प्रदेश भर में प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधीर गोदारा को रतिया व फतेहाबाद विस क्षेत्र के चुनाव प्रबंधन के लिए, डॉ. आत्मप्रकाश को फतेहाबाद व रतिया के लिए, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एनजीओ प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रवि भूषण गर्ग को कैथल, पूर्व इनेलो नेता इंद्र सिंह बैरागी को सफीदो विधानसभा, राजेश ठुकराल को रोहतक भाजपा कार्यालय में, रामकरण हुड्डा को महम, अधिवक्ता जसबीर राठी को बरोदा क्षेत्र, मामन राम सैनी को हिसार, राय सिख समाज के मक्खन सिंह ख्योवाली को रानिया व रतिया, सिरसा से पूर्व पार्षद हरभजन डाबर, पूर्व पार्षद रतनबाला और पूर्व सरपंच मनोहर लाल नैन को चुनाव प्रबंधन के लिए नियुक्त किया गया है। इसी तरह से पूर्व हजकां नेता पिंच्चू कालड़ा, रणपाल सहित समस्त टीम को रानियां विधानसभा क्षेत्र में तैनात किया गया है।
स्ट्रांग रूम में रखी जाएगी वीवीपैट वोटिंग मशीन
रोहतक विस क्षेत्र में पहली बार प्रयोग होने वाली वोटर वैरीफाईएबल पेपर ऑडिट ट्रायल सिस्टम (वीवीपैट) वोटिंग मशीन का इस्तेमाल होगा। इसके लिए मतदान के बाद मतदान केंद्र के लिए स्थापित स्ट्रॉन्ग रूम में वीवीपैट मशीन को रखने की अलग से व्यवस्था होगी। प्रदेश के जिन छह विधानसभा क्षेत्रों में वीवीपैट मशीन का प्रयोग होना है, उन सभी के रिटर्निंग अधिकारियों को पानीपत में इस नई मशीन के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि पोलिंग अधिकारियों, सुपरवाइजरों व मजिस्ट्रेट को भी वीवीपैट के बारे में आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मौर्य संघ मतदान के लिए समाज को करेगा जागरूक
कंहेली मोड़, राठी कॉलोनी में रविवार को मौर्य संघ की सभा आयोजित हुई। जिसमें विधान सभा चुनाव पर चर्चा की गई। सभा में मौर्य, कुशवाहा, सैनी, शाक्य समाज के लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर रामबरन मौर्य ने सभा में कहा कि राजनीतिक दल स्वार्थ के बारे में न सोचते हुए समाज के हित के बारे में सोचे तभी सैनी समाज उन्हें वोट देगा। वहीं इस मौके पर निर्णय किया गया कि योग्य प्रत्याशी को एक जुट होकर समर्थन व वोट देगें, जो जीत हासिल करने के बाद समाज के हित के बारे में कार्य करें। इसके साथ ही हमारा समाज मतदान जागरूकता के लिए सभी कॉलोनियों में जाएंगे।
महिलाएं खुद फैसला करने की क्षमता विकसित करें
लोकतंत्र में वोटरों का दायित्व विषय पर मतदाता जागरूकता अभियान क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय, भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से शनिवार को अायाेजित किया गया। अभियान के तहत ग्राम आंवला में 5 आंगनवाड़ी केंद्रों व ग्रामीण महिलाअों के लिए विशेष सभा व जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज कुमार मग्गू ने ग्रामीणों को 15 अक्टूबर को होने वाले विधान सभा चुनाव के बारे में जानकारी दी गई। महिलाएं सोच समझकर अपना वोट करें व खुद फैसला करने की क्षमता विकसित करें।