रोहतक. मां के लिए रक्तदान करने के बाद जुलाना निवासी सोनू की मौत के मामले में जांच कमेटी ने एक माह बाद परिजनों को जांच में शामिल किया। कमेटी ने बताया कि सोनू की मौत हर्ट अटैक से हुई थी और वह पहले से ही दिल का मरीज था। इस बात को परिजनों ने सिरे से नकार दिया और कहा कि उसे पहले कभी भी दिल संबंधित कोई शिकायत नहीं हुई। जांच कमेटी व परिजनों के बीच चली करीब साढ़े तीन घंटे की बैठक के दौरान कई बार बहसबाजी भी हुई। परिजन जहां कुछ बिंदुओं पर जांच समिति की रिपोर्ट से सहमत नजर आए वहीं, उन्होंने कई बातों पर जमकर आपत्ति भी जताई।
पीजीआई के वार्ड 10 में मेडिसन वार्ड-4 के अध्यक्ष डा. एचके अग्रवाल की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी में डीएमएस डा.सुखबीर सिंह, पैथोलॉजी से डा. रजनीश कालड़ा और फोरेंसिक से डा. एस.के धत्तरवाल मौजूद रहे। परिजनों की ओर से मृतक के पिता सतबीर सिंह, चचेरे भाई नरेश अत्री, 12 खाप के प्रधान जोगेंद्र शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, जयदेव शर्मा, विजय कुमार और रमेश अत्री समेत परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे।