रोहतक. लोकसभा व विधानसभा चुनाव 2014 में जिले से 19 हजार 913 नए मतदाता भी मतदान करेंगे। पिछले ५ माह में बनाए नए वोटरों में लड़कियों की संख्या लड़कों से कम है। इसमें रोहतक में सबसे कम और कलानौर में सबसे ज्यादा नए मतदाता शामिल हुए हैं। जिला निर्वाचन विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक सितंबर 2013 में चुनाव आयोग की तरफ से 18 साल या इससे ज्यादा उम्र के नए मतदाता जोडऩे के लिए अभियान चलाया गया।
हालांकि फार्म तो बीस हजार से ज्यादा युवाओं ने भरे, लेकिन जांच पड़ताल के बाद 19 हजार 913 नए मतदाता बनाए गए हैं। शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर चुनाव आयोग की तरफ से जिले में बूथ स्तर पर विभाग के अधिकारी नए मतदाताओं को न केवल पहचान पत्र देंगे, बल्कि मतदान के महत्व के बारे में भी जागरूक करेंगे।
युवा महिला मतदाताओं की संख्या कम
पांच माह में जिले में 19 हजार 913 मतदाता जोड़े गए। इसमें 10695 पुरूष और 9 हजार 216 महिला हैं। विभाग की ओर से एक हजार पुरूषों पर 868 महिला मतदाता जोडऩे का लक्ष्य रखा था, लेकिन अभी आंकड़ा 844 पर पहुंचा है, जो पांच माह पहले 836 पर अटका था।