जींद. इनेलो ने विधानसभा चुनाव के लिए चौथी और आखिरी सूची में सबको चौंकाया। पार्टी ने अपने सबसे युवा सांसद दुष्यंत चौटाला को उचाना कलां से चुनाव मैदान में उतार दिया। यही नहीं, दुष्यंत की मां और पार्टी के प्रधान महासचिव अजय चौटाला की पत्नी नयनतारा सिंह (नयना) को डबवाली से टिकट मिला है। उचाना कलां इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला का निर्वाचन क्षेत्र है, ऐसे में दुष्यंत को राजनीतिक हलकों में परोक्ष रूप से चौटाला का उत्तराधिकारी माना जा रहा है। नयना सिंह चौटाला परिवार से चुनाव लड़ने वाली पहली महिला हैं।
दुष्यंत और नयना सिंह के चुनाव लड़ने की घोषणा मंगलवार को अभय चौटाला ने की। वे चौधरी देवीलाल की 100वीं जयंती पर 25 सितंबर को यहां होने वाली रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। अभय ने राज्य की शेष पांच सीटों के लिए भी प्रत्याशियों का ऐलान किया। कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से मौजूदा विधायक शेर सिंह बड़शामी की पत्नी बच्चन सिंह कौर बड़शामी को टिकट दिया है। शेर सिंह को शिक्षक भर्ती घोटाले में ओमप्रकाश चौटाला और अजय के साथ ही 10 साल की सजा हो चुकी है। बड़खल से चन्दर भाटिया और फरीदाबाद ओल्ड से प्रवेश मेहता को टिकट मिला है। ये दोनों भाजपा का टिकट न मिलने पर दो दिन पहले इनेलो में आए थे। अभय ने कहा कि प्रदेश में शिरोमणि अकाली दल के लिए समझौते के तहत दो सीटें- अम्बाला सिटी व कालांवाली छोड़ी हैं। अकाली दल यहां से प्रत्याशियों का ऐलान जल्द कर देगा।
आगे की स्लाइड्स में देखें, इनेलो के प्रत्याशिय़ों की तस्वीरें...