रादौर. ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज रादौर में शनिवार को
जम्मू और श्रीनगर के स्टूडेंट्स के बीच हुए झगड़े के बाद मंगलवार को अधिकारियों ने कॉलेज का दौरा किया। करनाल रेंज के आईजी हनीफ कुरैशी, डीसी डॉ. एसएस फुलिया, एसपी वेदप्रकाश गोदारा, डीएसपी अजय राणा व थाना जठलाना प्रभारी ने स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने कॉलेज मैनेजमेंट के चेयरमैन एसएस जिंदल, राजन कुमार व निदेशक चंचल भारद्वाज से जानकारी ली। वहीं, हॉस्टल में रह रहे छात्रों से भी बात की। हॉस्टल के छात्रों ने बताया कि अब माहौल ठीक है, उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।
कॉलेज प्रबंधन को दिए सख्त निर्देश
आईजी ने छात्रों को भाईचारा व सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने को कहा। हिदायत दी कि इस प्रकार की घटनाओं को दोबारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा का जिम्मा कॉलेज प्रशासन का है। माहौल को ठीक रखने की जिम्मेदारी भी कॉलेज प्रबंधकों की है।
परीक्षा तक कॉलेज में तैनात रहेगी पुलिस
कॉलेज में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की एक टुकड़ी तैनात की गई हैं। जो थाना जठलाना प्रभारी निर्मल सिंह के नेतृत्व में स्थिति पर नजर रखेगी। हनीफ कुरैशी ने बताया कि शनिवार को मैस में कुछ बच्चों के खाना खाते समय आपस में झगड़ा हो गया था। इसमें कुछ को झगड़े के दौरान चोटें आई थी।
तीन स्टूडेंट वापस लौटे, अब 15 तक कर दी गई हैं छुटि्टयां
निदेशक चंचल भारद्वाज ने बताया कि कॉलेज में शरारत करने वाले स्टूडेंट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हॉस्टल में 150 स्टूडेंट है जो 18 दिसंबर से होने वाली परीक्षाओं की तैयारी में जुटे है। फिलहाल झगड़े के बाद कॉलेज में 15 दिसंबर तक छुट्टियां कर दी गई हैं। 74 स्टूडेंट घर जाना चाहते थे उन्हें रविवार को दो बसों में जम्मू छोड़ दिया गया था। इनमें से तीन स्टूडेंट वापस लौट आए हैं।
करनाल रेंज के आईजी हनीफ कुरैशी और डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने रादौर के ग्लोबल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज का दौरा किया।