पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Karontha Aasharam, Satlok Aashram, Haryana Police

डेढ़ हजार पुलिसकर्मी तैनात, सतलोक आश्रम की सुरक्षा को लेकर पुलिस के हाथ-पांव फूले

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रोहतक. करौंथा के सतलोक आश्रम की सुरक्षा को लेकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए हैं। 12 मई को आर्य प्रतिनिधि सभा की करौंथा में प्रदर्शन की चेतावनी को देखते पुलिस ने आश्रम की सुरक्षा के लिए कमांडेंट सतेन्द्र गुप्ता के नेतृत्व में डेढ़ हजार पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं।

साथ ही पुलिस लाउड स्पीकर से घोषणा कर ग्रामीणों को आगाह कर रही है कि आश्रम के आसपास पांच या पांच से ज्यादा लोग हथियार लेकर एकत्र न हों। नहीं तो धारा-144 के तहत तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालात को देखते हुए एहतियात के तौर पर रविवार सुबह सात बजे से ही रोहतक-झज्जर मार्ग आम ट्रैफिक के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।

ऐसे में वाहनों को वाया सांपला भेजा जाएगा।

इससे पहले, शुक्रवार को अदालत द्वारा सतलोक आश्रम को लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने और आश्रम की पुख्ता सुरक्षा की हिदायत को देखते हुए जिला प्रशासन रात को ही सक्रिय हो गया। रातोंरात मधुबन व सुनारिया पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, पानीपत, सोनीपत व हिसार से डेढ़ से 2 हजार के करीब पुलिस बल मंगवाया गया।

डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों को करौंथा के सतलोक आश्रम की सुरक्षा में तैनात कर दिया गया, वहीं जिला पुलिस के 1700 जवानों को मिलाकर करीब दो हजार पुलिसकर्मियों को रिजर्व के तौर पर पुलिस लाइन व थानों में रखा गया है। शनिवार दोपहर दो बजे डीसी विकास गुप्ता की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें एसपी व एसडीएम ने भी भाग लिया। तय हुआ कि आश्रम को लेकर किसी को भी कानून हाथ में न लेने दिया जाए।

फोटो- सतलोक आश्रम मामले को लेकर किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बाहर से बुलाई गई पुलिस करौंथा के स्कूल में सेफ्टी गार्ड व अन्य समान उतारती हुई।