पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

खरक जाटान के कबड्डी खिलाड़ी की मौत, 8 घायल

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रोहतक. गांव रिठाल में चल रहे टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे कबड्डी टीम से भरी क्रूजर गाड़ी और बस में कथूरा मोड़ पर टक्कर हो गई। इसमें एक खिलाड़ी की मौत हो गई और आठ घायल हो गए। घायलों को तुरंत पीजीआई इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। सभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए एक साथ महम चौबीसी के गांव खरक जाटान से निकले थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच आरंभ कर दी।

महम चौबीसी के गांव खरक जाटान से कबड्डी खिलाडिय़ों की टीम जिसमें चिड़ी गांव निवासी राष्ट्रीय खिलाड़ी सोमबीर उर्फ काला पहलवान के साथ खरक जाटान के खिलाड़ी सुधीर, अजय, राजेश, तकदीर, प्रवीण, संदीप, बख्शी राम, अमन और जमेंद्र क्रूजर गाड़ी से रिठाल में आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए गांव से करीब 11 बजे निकले थे। जब वे कथूरा मोड़ पर पहुंचे तो इस दौरान भावड़ से रोहतक की ओर आ रही रोहतक डिपो की रोडवेज बस ने क्रूजर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दूर तक आवाज सुनाई दी। टक्कर लगने से क्रूजर पलट गई और इसमें सभी खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में घायलों को पीजीआई इमरजेंसी में दाखिल कराया। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अमन को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बस सवार श्रीभगवान भी घायल हो गए।

इमरजेंसी में लगी भीड़, अन्य मरीजों को हुई परेशानी: सूचना मिलने पर महम विधायक आनंद सिंह दांगी के अलावा हेल्थ विवि के कुलपति डॉ. एसएस सांगवान, निदेशक डॉ.चांद सिंह ढुल, डीन डॉ. वीके जैन और एमएस डॉ.अशोक चौहान समेत अन्य अधिकारी भी इमरजेंसी में पहुंच गए। इस दौरान काफी संख्या में खिलाडिय़ों के साथी और परिजनों के अलावा गांव निवासी भी पीजीआई पहुंच गए। इससे इमरजेंसी में काफी भीड़ हो गई। वहां दाखिल अन्य मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी।