पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दलितों-पिछड़ों-ब्राह्मणों को 20-20% सीटें दें तो कुलदीप बिश्नोई से गठबंधन संभव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जींद/रोहतक | विधानसभा चुनाव में गठबंधन के मुद्दे पर बसपा ने गेंद हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के पाले में डाल दी है। रविवार को जींद में कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के सीएम कैंडीडेट डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा, हम दलितों, पिछड़ों और ब्राह्मणों को 20-20 फीसदी सीटें देना चाहते हैं। अगर हजकां इस शर्त पर सहमत है तो हमें गठबंधन मंजूर है।
हुडा मैदान में आयोजित सम्मेलन में शर्मा ने कहा, "हम भी चाहते हैं कि गठबंधन हो लेकिन हमारे इस विचार से कोई राजनीतिक दल सहमत होता नहीं दिख रहा।' उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने की सूरत में ब्राह्मणों, पिछड़ों व दलितों की बटालियन बनाकर उन्हें आधारभूत सुविधाएं दी जाएंगी। दस्तकारों को 10 पैसे प्रति यूनिट बिजली देंगे और अवैध कालोनियों का विकास किया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि वे 2006 से मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मांग कर रहे थे कि गरीबों के कर्जे माफ किए जाएं लेकिन 10 साल बाद हुड्‌डा ने केवल वोट के लिए लोन माफ किए। पिछड़ों को जो 27 फीसदी आरक्षण हासिल था, उसमें दूसरों को हिस्सा देकर धोखा किया। ब्राह्मïण, बनिया, पंजाबी आदि को जो 10 प्रतिशत स्पेशल आरक्षण मिलना था, उसमें भी उनका हक मार लिया गया।

इसके बाद रोहतक में में भी अरविंद शर्मा ने हुड्‌डा को निशाने पर रखा। बोले- कुछ लोग मलाई खाकर भाग गए तो कुछ हुड्डा के इर्द-गिर्द अब भी डटे हैं। गौरतलब है कि 24 अगस्त की पानीपत रैली में सीएम ने कांग्रेस छोड़कर जाने वालों को मलाईखोर कहा था।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सीएम कैंडीडेट अरविंद शर्मा ने रविवार को जींद में कार्यकर्ता सम्मेलन किया। इस दौरान 2009 के लोकसभा चुनाव में सोनीपत सीट से आजाद प्रत्याशी रहे परमेश्वर दास अपना पुराना बैनर लेकर मंच पर चढ़ गए और वोट मांगने लगे। इससे मंच पर मौजूद अरविंद शर्मा के सामने अजीबोगरीब स्थिित पैदा हो गई और वह इधर-उधर देखने लगे। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने आनन-फानन में परमेश्वर दास को मंच से उतारा।
फोटो : सुभाष सैनी