पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विधायक से पूछा, कैसे होगी बेटियों की सुरक्षा

विधायक से पूछा, कैसे होगी बेटियों की सुरक्षा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक। नेपाली युवती के साथ दरिंदगी का खुलासा होने के तीसरे दिन शनिवार को पीड़िता के घर दिनभर एक के बाद एक राजनेताओं का आना-जाना लगा रहा। इस दौरान सभी नेताओं ने परिजनों को एक स्वर में आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़े जाने का भरोसा दिलाया व उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।

इस बीच आक्रोशित महिलाओं ने घर से बाहर आने वाले तमाम नेताओं का घेराव करते हुए पूछा, साहब, कैसी बचेंगी हमारी बेटियां? न्यू चिन्योट कॉलोनी की महिलाओं ने विधायक मनीष ग्रोवर के पीड़िता के घर पहुंचने उनका घेराव करते हुए सरकार की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम पर ही सवाल खड़े कर दिए। महिलाओं ने कहा, साहब, ऐसे माहौल में बेटी की सुरक्षा कैसी होगी? हमारी बेटियां कैसे समाज में रहेंगी? करीब 10 मिनट तक शांत खड़े विधायक बोले, ये पूरे शहर की बेटी थी। इस पर अत्याचार करने वाले हैवानों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

महिला आयोग से कहा- नहीं चाहिए दिखावा
इधर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल व उपाध्यक्ष सुमन दहिया भी पीड़िता के परिजनों से मिलने पहुंची। लेकिन जैसे ही महिला आयोग ने परिजनों को आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करवाने की बात कही तो वहां मौजूद महिलाएं भड़क उठीं। उन्होंने कहा, मैडम, हमको दिखावा नहीं चाहिए।
आप भी एक औरत हैं। आप से अच्छा और कोई औरत का दर्द नहीं समझ सकता। उन अपराधियों को सरेआम फांसी मिलनी चाहिए। तभी हम को शांति मिलेगी।’ इस पर कल्पना पांचाल बोलीं, हमको जैसी घटना के बारे में पता चला, फौरन चले आए। दोषियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस से बात करेंगे। अगर प्रदर्शन करना पड़ा तो उसके लिए हम आगे रहेंगे। लेकिन उन हैवानों को खुला नहीं छोड़ेंगे।’
बदमाशों को नहीं बख्शा जाएगा : मनीष ग्रोवर
प्रदेश भाजपा के महामंत्री एवं विधायक मनीष ग्रोवर ने कहा है कि नेपाली युवती से बलात्कार व हत्या करने वाले बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पीडि़त परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में प्रशासन व सरकार मृतका के परिवार के साथ है। मनीष ग्रोवर ने कहा कि इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन चिन्तित है और अपराधियों को पकडऩे के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बहन-बेटियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर है। विधायक ने मृतका के परिजनों को आश्वस्त किया कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस से हुई थी चूक : पांचाल
आयोग की अध्यक्ष कमलेश पांचाल ने भी स्वीकारा कि यदि 1 फरवरी को पुलिस चौकन्ना रहती तो ये घटना नहीं होती। कमलेश ने कहा कि शिकायत होने के तुरंत बाद एक्शन लेते तो अपराधी आसानी से पकड़े जाते। लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। अध्यक्ष पांचाल व उपाध्यक्ष सुमन दहिया ने कहा कि पुलिस को इस बड़ी चूक का जवाब देना होगा।
इसके लिए आयोग संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी जांच कराएगा।