रोहतक. झारखंड व यूपी के बाद अब रोहतक में भी लव मैरिज करने के बाद
धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव डालने का मामला उजागर हुआ है। बुधवार को पीड़िता मेरठ की युवती विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के साथ रोहतक पहुंची और डीआईजी को शिकायत दी। डीआईजी ने डीएसपी कर्ण गोयल को केस की जांच सौंपी है। खास बात यह कि युवती के ससुराल वाले उस पर गहने चोरी करके ले जाने का आरोप लगा चुके हैं।
शादी हिंदू रीति से, अब ईसाई बनने का दबाव
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में मेरठ निवासी 26 वर्षीय शालिनी ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी 4 नवंबर 2012 को रोहतक निवासी ईश के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसे ईसाई धर्म मानने व बाईबल पढ़ने के लिए मजबूर किया जाने लगा। पीड़िता का कहना है ससुराल वाले ईसाई धर्म को मानते है। जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
बच्चे को लेकर बवाल
15 अक्टूबर को उसने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद उसके ससुराल की मांग बढ़ गई। सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि ईसाई धर्म स्वीकार कर ले, पैसा मिल जाएगा। नहीं तो अपने घर से पैसे लेकर आए। इसके बाद उसने अपने परिजनों को इसकी शिकायत दी। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान उन्होंने उसके बच्चे को छीन लिया। उसने किला रोड चौकी में मौखिक तौर पर शिकायत दी तो पुलिस ने उसका बच्चा दिलवा दिया। लंबे समय से वह मेरठ में रह रही है। अब लगातार परिजन उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
मेरठ पुलिस करे जांच
पूरे मामले के संबंध में डीएसपी कर्ण गोयल का कहना है कि मेरठ निवासी शालिनी के खिलाफ सब्जी मंडी थाने में शिकायत दी गई थी। पूछताछ के चलते वह रोहतक परिवार सहित आई। अब उसने दहेज उत्पीड़न व धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने की शिकायत दी है, लेकिन मामला मेरठ पुलिस का बनता है।
पति ने दी पीड़िता के खिलाफ चोरी की शिकायत
उधर, पीड़िता के पति ईश ने किला रोड चौकी में 9 सितंबर को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी पैसे व जेवरात चुराकर ले गई। पुलिस की ओर से शालिनी को फोन करके बताया कि उसे पूछताछ के लिए आना होगा। उसके पति ने चोरी का आरोप लगाया है। इस एंगल से भी सब्जी मंडी थाना पुलिस केस की जांच कर रही है। उधर, पीड़िता का कहना है कि धर्म परिवर्तन व दहेज उत्पीड़न का केस मेरठ थाने में दर्ज कराएंगे।
(सचिवालय के बाहर मौजूद मेरठ का परिवार।)