पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लघु-सचिवालय में डेढ़ घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा: पुलिस अधिकारियों से धक्का-मुक्की

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(लघु-सचिवालय के अंदर जाने की जिद पर अड़े भाजपा नेताओं को रोकते पुलिस के आधिकारी और जवान।)
रोहतक। सिटी पार्क में विधायक बीबी बतरा की सभा से पहले हुई मारपीट को लेकर लघुसचिवालय में मंगलवार दोपहर बाद डेढ़ घंटे जमकर ड्रामा हुआ। डीसी व एसपी से मिलने की जिद पर अड़े भाजपाइयों व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। हालांकि बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुद जाकर देखा, जहां दोनों अधिकारियों के कार्यालय पर ताला लगा मिला। तब जाकर कार्यकर्ता शांत हुए। साथ में चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कार्रवाई होगी, उधर पुलिस ने आरएसएस कार्यकर्ताओं व इनेलो नेता जितेंद्र से मारपीट के आरोप मोनू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई।
मुखबिरी पर भाजपा हैरान सिरे नहीं चढ़ा समझौता

इससे पहले दोपहर सवा दो बजे मामले को लेकर भाजपा के पार्टी कार्यालय में प्रदेश महामंत्री मनीष ग्रोवर की अध्यक्षता में बैठक हुई। तय हुआ कि पुलिस से पूछा जाए, आखिर मामले में अभी तक आरोपियों काे क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया। बातचीत चल रही थी कि आरोपी पक्ष के लोग पहुंच गए और समझौते को कहने लगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि मनीष ग्रोवर कार्यालय से बाहर निकले तो वहां आरोपी पक्ष के साथ आया सफेद कपड़े पहने युवक बोला, सुबह से चक्कर काट रहे हैं। ग्रोवर ने कहा कि एक तो गलती, ऊपर से सीना-जोरी कर रहे हैं। समझौते पर बात बिगड़ गई।
कार्यकर्ताओं की दस्तक से पुलिस सकते में
पार्टी कार्यालय से भाजपा कार्यकर्ता लघुसचिवालय के लिए रवाना हुए, ताकि डीसी एवं एसपी से पूछें कि अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं की दस्तक से पुलिस सकते में आ गई। आनन-फानन में डीएसपी यशपाल खटाना के नेतृत्व में पुलिसबल तैनात कर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ता ने कहा कि आधे घंटे में डीसी व पुलिस अधीक्षक नीचे नहीं आए तो वे ऊपर चले जाएंगे। थोड़ी देर में महम से भाजपा प्रत्याशी शमशेर खरकड़ा व उनके बेटे तकदीर सिंह भी आ गए। इससे उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता सीढ़ियों चढ़ने लगे।
डीसी आैर एसपी कार्यालय पर लगा मिला ताला

लघुसचिवालय में ऊपर जाने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ता रोक लिया। इससे भाजपा नेताओं व पुलिस अधिकारियों के बीच कहासुनी तक हो गई। काफी देर तक रस्साकसी चलती रही। इसी बीच डीएसपी यशपाल खटाना ने कहा कि डीसी व डीआईजी कार्यालय में नहीं हैं। चाहे तो 10 सदस्यीय शिष्टमंडल जाकर देख सकता है। शमशेर खरकड़ा, मनीष ग्रोवर, रमेश भाटिया, दिनेश घिलौड़, राजकुमार कपूर व कपिल नागपाल ऊपर पहुंचे, जहां ताला लगा मिला।
इधर, 24 घंटे की चेतावनी, उधर गिरफ्तारी

भाजपा नेताओं ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर पुलिस ने मारपीट करने वालों को गिरफ्तार व चुनाव आचार संहिता तोड़ने पर विधायक बीबी बतरा के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उधर, पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया। तुरंत उसे अदालत में पेश किया गया, जहां जमानत मिल गई।
टूटी आचार संहिता, चुनावी मौसम में कार्रवाई से बच रहा प्रशासन
चुनाव आचार संहिता के तहत बिना प्रशासन की अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर लोग एकत्रित नहीं हो सकते। इसके बावजूद दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता लघुसचिवालय में एकत्रित हुए। साथ में पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बावजूद रात करीब 10 बजे चुनावी मौसम में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लिखाई-पढ़ाई पूरी कर ली है। जैसे ही आला अधिकारियों के आदेश मिलेंगे, तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
आगे की स्लाइड में देखिए इस ड्रामें की तस्वीरें...