रेवाड़ी. गोकलगढ़ गांव की सीमा में आईओसी की मुंद्रा-पानीपत होती हुई करनावास डिपो तक आ रही तेल पाइपलाइन सोमवार को करीब 12 बजे फट गई। इससे हजारों लीटर तेल खेतों में फैल गया। इसमें ड्यूटी पर तैनात गार्ड घायल हो गया। गार्ड ने कंपनी अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कंपनी अधिकारी, फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने केमिकल व पानी के छिड़काव के बाद तेल रिसाव पर काबू पाया। तेल पाइपलाइन को दोनों तरफ से बंद करा दिया गया है। पाइपलाइन की सुरक्षा के लिए पुलिस की एक रिजर्व बटालियन को तैनात किया गया है। आईओसी की मुंद्रा-पानीपत तेल लाईन करनावास डिपो तक आ रही है। गोकलगढ़ सीमा में से आ रही तेल पाइप लाईन में सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर रिसाव हो रहा था। पाइप लाईन की सुरक्षा के लिए तैनात गार्ड राधेश्याम रिसाव को देखने पाइप लाईन के नजदीक आया ही था कि अचानक पाइप लाईन फट गई। तेल की तेज फुहार से गार्ड राधेश्याम दूर जाकर गिरा। उसका
मोबाइल व वायरलेस फोन भी खेतों में ही गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 60-70 फीट तक तेल की फुहार निकलती रही।
तेल की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए गार्ड राधेश्याम ने हिम्मत नहीं हारी और नजदीक ही एक स्कूल में जाकर वहां के फोन से आईओसी के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जैसे हड़कंप मच गया। आईओसी के डिप्टी जीएम जेके झा,, महेश कुमार, चीफ सिक्योरिटी आफिसर टीआर मलिक अन्य अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इधर फायर ब्रिगेड व पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों ने तुरंत ही पानीपत तथा करनावास से तेल पाइप लाईन को बंद करा दिया गया।
तेल पाइप लाईन बंद होने के बाद भी कई हजार लीटर तेल खेतों में फैल चुका था। फायर ब्रिगेड ने पानी की फुहारों के साथ ही कैमिकल का भी छिड़काव किया ताकि खेतों में फैले तेल से आगजनी का खतरा नहीं हो।
टैंकरों में भरा गया तेल
अधिकारियों की टीम ने तुरंत ही टैंकर मंगाकर खेतों में फैले सुरक्षित तेल को टैंकरों में भरकर निकलवाया। करीब तीन से चार टैंकर तेल मौके से भरवाए गए। किसी भी तरह की कोई घटना नहीं हो जाए, इसलिए पुलिस की एक रिजर्व बटालियन को भी मौके पर बुला लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जब तक खेतों में बिखरे हुए तेल को ठीक नहीं किया जाएगा व तेल पाइप लाईन दुरुस्त नहीं होगी तब तक रिजर्व बटालियन को तैनात ही रखा जाएगा।
सेंध या हादसा, होगी जांच : डिप्टी जीएम
आईओसी के डिप्टी जीएम जेके झा का कहना है कि स्थिति को काबू में कर लिया गया है। तेल निकलने से कितना नुकसान हुआ है, इसका आंकलन अभी हो नहीं पाया है। तेल पाइपलाइन में ब्लास्ट अपने आप हुआ या फिर किसी ने सेंध लगाई है इसकी जानकारी जांच के बाद ही मिल पाएगी।
पाइपलाइन की सुरक्षा पुख्ता तरीके से की गई है। पानीपत रिफाइनरी से आने वाली टीम लाईन को दुरुस्त करेगी। इस काम में दो तीन दिन का समय लग सकता है।
- टीआर मलिक, चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर आईओसी
पुलिस की एक बटालियन पाइपलाइन के नजदीक ही सुरक्षा के लिए तैनात कर दी गई है। जब तक लाइन ठीक नहीं हो जाती बटालियन तैनात रहेगी।
- करण सिंह, एसआई
पाइपलाइन फटने के बाद आग पर काबू पाते फायरब्रिगेड कर्मचारी।