सांपला। विद्युत निगम द्वारा घरों के बाहर लगाए जा रहे मीटरों को लेकर लोगों का विरोध बढ़ने लगा है। मंगलवार की दोपहर वार्ड नंबर सात में लोगों ने पोल पर लगे मीटर तोड़ दिए और करीब 11 सौ मीटर लंबी केबल में आग लगा दी। लोगों का गुस्सा देकर लाइन पर काम करने वाले कर्मचारी मौके से भाग गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची तब मामला शांत हुआ। पुलिस ने विद्युत निगम के एसडीओ के बयान पर एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
निगम का कड़ा कदम
निगम द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए सभी घरों के मीटर बाहर पोल पर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पुरानी लाइनों को बदला जा रहा है। मंगलवार को बिजली कर्मचारी एएफसी सीनियर सेकेंडरी स्कूल वाली बस्ती में बिजली की पुरानी केबल बदलने गए हुए थे। करीब डेढ़ बजे कई लोग मौके पर पहुंचे और मार्केट कमेटी मार्ग व शांती स्कूल वाली गली में बिजली पोलों पर लगे मीटरों को लाठी पत्थर मार कर तोड़ने लगे।
इस दौरान करीब 100 मीटर तोड़ दिए गए और करीब 1100 मीटर लंबी नई केबल के बंडल को आग लगा दी। लोगों का गुस्सा देख कर्मचारी भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो तोड़ फोड़ करने वाले लोग भाग गए। पुलिस ने निगम के एसडीओ के बयान पर करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सांपला में हुई पंचायत
बिजली कर्मचारियों के खिलाफ मंगलार सुबह सांपला की चौपाल में लोगों की पंचायत हुई। निगम का कहना है कि पंचायत के बाद ही लोगों ने मार्केट कमेटी मार्ग पर जाकर मीटर तोड़ने व केबल जलाने का काम किया।
(फोटो- मार्केट कमेटी मार्ग पर तोड़े गए मीटर व केबल में लगी आग।)