पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरोहतक. नगर निगम चुनाव की घोषणा से प्रशासन व सियासी दल हरकत में आ गए हैं। भाजपा ने जहां शुक्रवार शाम तक टिकट के लिए पार्टी पदाधिकारियों से आवेदन मांग लिए हैं, वहीं इनेलो के संभावित उम्मीदवारों की शुक्रवार दोपहर बैठक होगी।
उधर, डीसी एवं निगम आयुक्त ने एडीसी आरसी बिधलान को चुनाव अधिकारी और एसडीएम जगदीश शर्मा, सीटीएम जयदीप कुमार, रोडवेज महाप्रबंधक जोगेंद्र सिंह, डीडीपीओ अजय मिश्रा, धर्मबीर धनखड़ सहित सात को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। अब एडीसी शुक्रवार को चुनाव के लिए नोटिस जारी करके आगे का कार्यक्रम तय करेंगे।
नौ में से आठ गांव महिलाओं के लिए आरक्षित
नगर निगम की वार्डबंदी के तहत नगर निगम में शामिल नौ गांव में से केवल कुताना को छोड़कर सुनारिया कलां, सुनारिया खुर्द, बोहर, गढ़ी बोहर, अस्थल बोहर, पहरावर, बलियाना, कन्हेली व खेड़ी साध को महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डो में शामिल हैं। उक्त गांवों के सरपंच अब परिवार की महिलाओं को मैदान में उतारकर चुनाव लड़ने की तैयारी में लगे हैं।
अनुसूचित जाति की महिला होगी मेयर
नगर निगम की पहली मेयर अनुसूचित जाति की महिला होगी। इसके साथ आयोग ने कुल 20 वार्डो में से 11 आरक्षित किए हैं। वार्ड नंबर 2 व 3 अनुसूचित जाति, वार्ड 4 अनुसूचित जाति की महिला और 1 व 13 पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित है। वही वार्ड नंबर 6,7,8,11,14 व 20 सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
बनाए जाएंगे 238 बूथ
नगर निगम चुनाव में मतदान के लिए कुल 238 बूथों पर 2 लाख 59 हजार 954 मतदाता दो जून को अपने मत का प्रयोग कर निगम के पहले चुनाव में चौधर का फैसला करेंगे। वार्ड नंबर-11 में जहां सबसे ज्यादा 16 हजार 601 मतदाता हैं, वहीं वार्ड-16 में मतदाताओं की संख्या महज 8682 है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.