पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हुडा के प्रधान सचिव की कार्रवाई से स्थानीय अधिकारियों की उड़ी नींद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रोहतक. हुडा (हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण) के प्रधान सचिव ने यहां के अधिकारियों से लंबित मामलों की रपट तलब की है। उन्हें पूरी तैयारी के साथ एक जून को पंचकूला बुलाया है, जहां अधिकारियों से सीधा संवाद करते हुए महत्वपूर्ण लंबित मामलों के समाधान पर मंथन होगा। प्रधान सचिव टीसी गुप्ता की ओर से रपट तलब किए जाने के बाद स्थानीय अधिकारियों की नींद उड़ गई है।

सूत्रों की मानें तो हुडा के स्थानीय अधिकारियों के लिए तीन अहम मामले सबसे सिरदर्द बन सकते हैं। इनमें दिसंबर 2011 में जमीन अधिग्रहण के मामलों के लिए मांगे गए आवेदनों का अभी तक समाधान नहीं होना अहम है। करीब तीन हजार आवेदन ठंडे बस्ते में हैं। हुडा ने यहां के किसानों से जमीन का अधिग्रहण कर लिया, लेकिन उन्हें निर्धारित समय में प्लाट उपलब्ध नहीं करा पाया।

हुडा ने आवेदकों से 50 हजार रुपए की राशि भी एकमुश्त के तौर पर जमा कराई है। यहां के भूमि अधिग्रहण कार्यालय के कर्मचारियों ने भी किसानों की जमीन का रिकार्ड चुस्त-दुरुस्त नहीं किया है। जमीन के मालिक होने के बावजूद उन्हें पटवार भवन से लेकर तहसील के चक्कर कटवाए जा रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि सेक्टर चार व पांच का डिवाइडिंग रोड का अधर में लटका मामला भी स्थानीय अधिकारियों के लिए सिरदर्द बन सकता है। हुडा के अधिकारियों की लेटलतीफी की वजह से रोड का निर्माण आज तक नहीं हो सका है। इसके लिए कई बार बैठक हुईं, लेकिन अधिकारी हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

अतिक्रमण का मुद्दा उठने के आसार

सूत्रों की मानें तो लंबित मामले में अतिक्रमण का मुद्दा उठने के पूरे आसार हैं। अतिक्रमण की वजह से सेक्टरों की शोभा खराब हो रही है और यहां का माहौल कॉलोनियों जैसा होता जा रहा है। रसूखदार लोग विभाग को ठेंगा दिखाते हुए अपने घरों के बाहर अतिक्रमण किए हुए हैं, जिसे आज तक नहीं तोड़ा गया है। इस मामले में हाईकोर्ट भी कड़ा रवैया दिखा चुका है। अधिकारी अतिक्रमण की रपट भी तैयार कर रहे हैं।

इन मुद्दों पर भी मंथन की संभावना

पंचकूला में होने वाली बैठक में विभाग के कोर्ट केसों की स्थिति, नए सेक्टरों को विकसित करने में आई दिक्कतों पर मंथन होने के आसार हैं। इसके लिए स्थानीय अधिकारी मामलों की फेहरिस्त बनाकर रिकार्ड खंगालने में जुटे हुए हैं।

प्रशासक ने इन अधिकारियों की लगाई ड्यूटी

हुडा प्रशासक निखिल गजराज ने स्थानीय संपदा अधिकारी आशिमा सांगवान, एसई डीआर गुप्ता, भूमि अधिग्रहण अधिकारी राजेश ख्यालिया, वरिष्ठ योजनाकार मोहम्मद मंसूरी को रपट देने को कहा है। इसकी एक प्रतिलिपि बैठक से पूर्व आलाधिकारियों को पंचकूला भेजे जाने के आसार हैं।