रोहतक. शहर के सामान्य अस्पताल के साथ सरेआम लिंग जांच करने के आरोपी अग्रवाल अल्ट्रासाउंड संचालक और पिछले दिनों पकड़े गए अवैध गर्भपात केंद्र संचालिकाओं के मध्य एजेंटों की तलाश में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने छापेमारी शुरू कर दी है। जेल में बंद आरोपी संचालक ने जमानत के लिए अर्जी दाखिल की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग जमानत अर्जी को खारिज कराने के लिए साक्ष्य प्रस्तुत करने में जुटा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के हाथ उन एजेंटों के नाम मिले हैं जो लिंग जांच के लिए डॉ. जीएन अग्रवाल के क्लीनिक पर मरीज को भेजते थे। इनमें एजेंटों को कमीशन भी दिया जाता था। बताया जा रहा है कि लिंग जांच में केंद्र संचालक पांच से सात हजार तक वसूलते थे। बता दें कि सोमवार को स्वास्थ्य विभाग और एफडीए की टीम ने सामान्य अस्पताल के साथ चल रहे अग्रवाल अल्ट्रासाउंड और लैब के संचालक डॉ.जीएन अग्रवाल को गिरफ्तार कर मशीन भी सील की थी और अदालत ने आरोपी चिकित्सक को जेल भेज दिया था।