पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रफी नाइट से पहले ही सजाई सुरों की महफिल, ऑडिशन में दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रोहतक. एहसान तेरा होगा मुझ पर दिल चाहता है वो कहने दो, मुझे तुमसे मोहब्बत हो गई है, मुझे पलकों की छांव में रहने दो।

चंडीगढ़ के आकाश ने एमडीयू टैगोर ऑडिटोरियम में जैसे ही सुरों की तान छेड़ी, वाद्य यंत्रों पर सहयोगियों के हाथ थिरकने लगे। इसके बाद लय, सुर और ताल जब एक साथ मिले तो ऑडिटोरियम झंकृत हो उठा और सुरों की महफिल में बैठे मोहम्मद रफी के कद्रदान झूमने लगे। अवसर रहा शनिवार को मोहम्मद रफी नाइट के ऑडिशन (स्वर परीक्षा) का।

आकाश ने अभी दो मिनट ही गाया होगा कि मंच से आवाज आई, कोई फास्ट बीट का आम श्रोता के मिजाज का नगमा सुनाओ। इसके साथ ही युवा गायक फिर शुरू हो गया। दिल के झरोखे में तुमको बिठाकर, यादों को मैं तेरी दुल्हन बनाकर, रखूंगा मैं दिल के पास, मत हो मेरी जां उदास। दर्शकों के चेहरे पर प्रोत्साहन के भाव झलके। जुबां बंद रही पर मन फिर थिरकने लगे। गाना समाप्त कर जब गायक लौटा तो उसके बगल की कुर्सियों पर बठे साथी कलाकारों ने पूरे जोश से हाथ मिलाकर उसका हौसला बढ़ाया।

शुक्रवार को सुर साधना में जुटे दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के ५८ कलाकारों ने ऑडिशन में हिस्स लिया। कुछेक को छोड़कर अधिकांश तालियां बटोर ले गए। ३१ जुलाई को रफी नाइट के लिए सर्वश्रेष्ठ १६ में चयन के लिए किसी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। तोशाम के जगदीश, भिवानी के संजय दुआ, हिसार के सोमेश और रोहतक के विनय सैनी, संदीप, प्रीति, गुलशन, भिवानी से किरण, सोनीपत से कनिका व आशीष ने भी संगीतमय प्रस्तुति दी।

कुछ तो ख्याल रखो: संगीत की सुर लहरियों के बीच रोहतक का एक उत्साही युवक मंच पर चला गया। आजा तुझको पुकारे मेरा गीत.. गाना शुरू किया। लय और ताल तो गड़बड़ाए ही, शब्द भी बदल दिया। तभी मंच से आवाज आई, Rबेटा रफी नाइट के ऑडिशन में आए हो, कुछ तो ख्याल रखो। गाने के बोल याद करो और पूरी रियाज (प्रैक्टिस) करके आओ।

संगीत की विरासत बचाने का प्रयास

छात्र कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में युवा कल्याण विभाग के निदेशक जगबीर राठी व सहायक निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए नए कलाकारों की खेप तैयार की जा रही है। रिदम, झंकार, आवाज, भाव मुद्रा, तालमेल सहित अदाकारी की अन्य कसौटियों पर खरे १६ युवाओं को मोहम्मद रफी नाइट के लिए चुना जाएगा।

भटनागर और सहगल होंगे मुख्य अतिथि

३१ जुलाई की शाम रफी नाइट पर एमडीयू के पूर्ववर्ती छात्र कुमार विशु उर्फ विष्णु भटनागर तथा संगीत निदेशक बिनोद सहगल मुख्य अतिथि होंगे। ऑडिशन कार्यक्रम के जज कैलाश वर्मा, डिप्टी डायरेक्टर, आकाशवाणी, मधु चोपड़ा, गायक और डा. सुरेंद्र शर्मा रहे।

सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र

एमडीयू के युवा कल्याण निदेशक जगबीर राठी ने कहा कि प्रतिस्पर्धा कठिन रही है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।