रोहतक. जनस्वास्थ्य विभाग में ठेके पर लगे सफाई कर्मियों की हड़ताल से सीवरेज व्यवस्था चरमरा गई है। हालात यह है कि लोगों के घरों में सीवरेज का गंदा पानी घुसने लगा है, लेकिन प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। परेशान नागरिकों का कहना है कि आला अधिकारियों तक से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
21 जनवरी से सीवरमैन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चल रही है। लोगों का कहना है कि कई बार जन स्वास्थ्य विभाग में शिकायत कर चुके हैं, डीसी साहब से मिल चुके हैं, जीना मुहाल है, कहां जाएं, किससे कहें। कालोनियों में सफाई नहीं होने से प्रेमनगर, अमृत कालोनी, विजयनगर, न्यू विजयनगर, शीतल नगर, कमला नगर और एकता कालोनी के अलावा शहर की कई कालोनियों में सीवर रूक गए हैं। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रेमनगर के ईश्वर ने बताया कि सीवर जाम हो गए हैं घरों में सीवर का गंदा पानी जाने लगा है। बदबू से जीना मुहाल हो गया है। वहीं, अमृत कालोनी के धर्मेंद्र ने बताया कि अधिकारी कई दिनों से सिर्फ आश्वासन दे रहें है कालोनी के लोग डीसी साहब से भी मिलने गए थे, लेकिन अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया।