रोहतक. भिवानी रोड पर कुताना गांव के अंतर्गत पांच साल पहले एक्वायर हुई जमीन पर खुदाई करने जेसीबी लेकर पहुंचे हुडा विभाग के ठेकेदार और उसके कारिंदों को किसानों ने खदेड़ दिया। ठेकेदार उक्त जमीन में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू करने गया था। किसानों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि जमीन पर कब्जा लेने या काम शुरू करने से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। अगर वह विरोध न करते तो उनके द्वारा खून-पसीने की मेहनत से उगाई गई फसल जेसीबी से बर्बाद कर दी जाती। किसानों के विरोध के बाद उन्हें जमीन खाली करने के लिए सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया गया है, वहीं किसानों का कहना है कि वह सोमवार को विधायक मनीष ग्रोवर से मुलाकात कर जमीन खाली करने की मोहलत मांगेंगे।
गौरतलब है कि करीब पांच साल पहले भिवानी चुंगी और ड्रेन नंबर-8 के बीच करीब 60 किले जमीन का हुडा ने अधिग्रहण किया था। यहां उद्योग सेक्टर स्थापित करना प्रस्तावित था, जबकि वर्तमान में ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की योजना है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे हुडा ठेकेदार जेसीबी और अपने कर्मचारियों को साथ लेकर उक्त जमीन पर खुदाई करने पहुंच गया। इसकी भनक लगते ही दर्जनों किसान मौके पर पहुंच गए और खुदाई का विरोध करते हुए ठेकेदार और उसके कर्मचारियों को खदेड़ दिया।
किसानों के साथ एक घंटे तक हुई बातचीत भी बेनतीजा रही, जिसके बाद उन्हें जमीन खाली करने के लिए सोमवार तक का अल्टीमेटम दे दिया गया।
जमीन खाली करने के लिए किसानों को सोमवार तक का दिया अल्टीमेटम
जमीन खाली करने के लिए नहीं भेजा नोटिस
विरोध जता रहे जयपान यादव, दिलबाग सैनी, सूरजभान, सुरेंद्र, बिजेंद्र, मनोज आदि का कहना है कि जमीन एक्वायर हो चुकी है, लेकिन खाली पड़ी होने के कारण उन्होंने इसमें गेहूं, सरसों सहित अन्य सब्जियां उगा लीं। जमीन खाली कराने या काम शुरू कराने से पहले हुडा को नोटिस भेजना चाहिए था, जो नहीं भेजा गया। साहब सिंह, सतीश, नूर सिंह, करतार सैनी का कहना है कि खाली जमीन में उन्होंने मेहनत से फसल बोई थी।
आज विधायक से मांगेंगे 15 जून तक मोहलत
किसानों का कहना है कि वह जमीन खाली करने को तैयार हैं, लेकिन ऐसा प्रावधान किया जाए कि उन्हें किसी तरह का नुकसान न झेलना पड़े। उन्होंने कहा कि अगर जोर-जबरदस्ती कर जमीन में कार्य शुरू किया गया तो लाखों की लागत पर पानी फिर जाएगा। इसके लिए वे सोमवार को विधायक मनीष ग्रोवर से मिलकर 15 जून तक की मोहलत मांगेंगे।
फोटो- बिना नोटिस दिए जेसीबी से खुदाई करने पहुंचने पर रोष जताते किसान।