पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

कांग्रेस विधायक के खिलाफ भाजपा नेताओं ने दी शिकायत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रोहतक। शहर में कांग्रेसी विधायक भारत भूषण बतरा की सभा से पहले हुआ झगड़ा चुनावी दंगल में बदल गया है। सोमवार को रोहतक सीट से भाजपा टिकट के दावेदार मनीष ग्रोवर, प्रदीप जैन, अशोक खुराना व दूसरे नेताओं ने चुनाव अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल से मिलकर बतरा पर आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमला कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बतरा ने सभा के लिए प्रशासन से कोई अनुमति भी नहीं ली जो आचार संहिता का उल्लंघन है।
उधर, बतरा का कहना है कि उनका झगड़े से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपाई बच्चों के झगड़े को चुनावी रंग देकर राजनीति करना चाहते हैं, लेकिन रोहतक की जनता ऐसे नेताओं के झांसे में नहीं आएगी। वहीं, जिला चुनाव अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि भाजपाई उनसे मिलने आए थे। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसी को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य निष्पक्ष चुनाव करवाना है।
कुछ युवकों ने की मारपीट

रविवार शाम को रोहतक सिटी पार्क में कांग्रेसी विधायक भारत भूषण बतरा ने सभा की थी। इस सभा से पहले पार्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से बच्चों की कबड्डी प्रतियोगिता करवाई जा रही थी। आरोप है कि उसी समय आए तीन-चार युवकों ने संघ कार्यकर्ताओं से पार्क खाली करने को कहा और उनसे मारपीट की। बीचबचाव करवाने आए इनेलो नेता जितेंद्र गहलावत से भी युवकों ने मारपीट की जिसमें गहलावत के दांत टूट गए। बाद में संघ कार्यकर्ताओं व गहलावत ने युवकों के खिलाफ थाने में अलग-अलग शिकायतें दी।
(फोटो- जिला चुनाव अधिकारी को शिकायत देने पहुचे भाजपा के नेता व कार्यकर्ता।)