रेवाड़ी . बावल क्षेत्र के गांव खिजूरी में महिला से दुष्कर्म और उसके 3 साल के बच्चे के कत्ल करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को पकड़ा है। बदमाशों ने महिला को 40 हजार रुपए में राजस्थान में बेच दिया था। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी सतीश, हवासिंह व जयपाल और महिला को खरीदने वाले दो अन्य बदमाशों को काबू कर लिया है।
खिजूरी गांव में 11 दिसंबर को बावल थाना पुलिस ने सतीश के घर में टंकी के पीछे से बोरे में बंधे एक बच्चे का शव बरामद किया था। गांव के सरपंच ने शिकायत देकर बताया था कि सतीश ने उक्त बच्चे की मां के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसके बेटे की हत्या कर दी थी। आरोपियों के दबोचे जाने के बाद अब यह मामला पूरी तरह से साफ हो गया है।
सामने आया है कि करीब 15 दिन पूर्व सतीश के भाई मुकेश को उक्त महिला रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर मिली थी। महिला महाराष्ट्र की रहने वाली है। मुकेश महिला को अपने साथ घर ले आया था और वह उस महिला के साथ शादी करना चाहता था।