रोहतक. एमडीयू के हॉस्टल नंबर 9 में एक बार फिर से आउटसाइडर (बाहरी युवक) ने बवाल काटा। इस बार तो बाहरी युवक ने हॉस्टल के सुपरवाइजर को ही पीटकर जख्मी कर दिया। वहीं हॉस्टल वार्डन व सुरक्षा नियंत्रक ने युवक को पकड़कर पीजीआईएमएस पुलिस के हवाले कर दिया है। युवक की पहचान मदीना के मंजीत के तौर पर हुई है।
हुआ यूं कि हॉस्टल नंबर 9 माउंट आबू में शनिवार रात साढ़े आठ बजे सभी विद्यार्थी डिनर करने में जुटे थे। इसी दौरान एक युवक खाना खाने के लिए मैस में आया। इस युवक को बाहरी मानते हुए हॉस्टल के सुपरवाइजर विजय ने उससे पूछताछ की, लेकिन युवक के सही जवाब न दिए जाने के चलते हॉस्टल सुपरवाइजर ने उसे खाना देने से मना कर दिया।
इस समय उक्त युवक ने खाना खाने के लिए काफी जिद भी की, लेकिन बाद में विरोध बढ़ता देख वह मैस से वापस चला गया। अचानक ढाई बजे सुपरवाइजर ने वार्डन उमेंद्र मलिक को सूचना दी कि उक्त युवक ने अन्य युवकों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की है। इस मारपीट में विजय बुरी तरह से जख्मी हो गया। बाद में सुरक्षाकर्मी की मदद से सुपरवाइजर ने युवक को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया।
घटना की सूचना चीफ वार्डन प्रो. एसएस चाहर, सुरक्षा नियंत्रक तरुण शर्मा व वार्डन उमेंद्र मलिक को दी गई। रात में युवक को प्रशासनिक अधिकारियों ने हॉस्टल के कमरे में ही बंद रखा। रविवार सुबह 9 बजे सुरक्षा नियंत्रक ने पीजीआईएमएस पुलिस थाना इंचार्ज को सूचना देकर विवि में बुलाया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।