रोहतक. हिसार से ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी में आई बारात को बिना दुल्हन ही लौटना पड़ा। लड़की की उम्र 18 साल से कम होने के कारण बारात से पहले पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीम ने शादी रुकवा दी। जिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी करमिंदर कौर ने बताया कि सूचना मिली कि ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी में नाबालिग लड़की की शादी की जा रही है। उसकी बारात हिसार से पुरानी आईटीआई के सामने धर्मशाला में आएगी। दोपहर 12 बजे प्रशासन की टीम व शिवाजी कालोनी पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की के दादा-दादी से बातचीत की।
इसके बाद करमिंदर कौर लड़की के घर पहुंची। लड़की ने कहा कि वह अपनी मर्जी से शादी कर रही है। लड़की के दादा-दादी ने कहा कि उन्हें कानून के बारे में पता नहीं था। बालिग होने के बाद ही शादी करेंगे। बारात को रोहतक आने दिया गया। बताया जाता है कि दोपहर बाद सगाई की रस्म पूरी करके बारात लौट गई।
पुलिस को नहीं पता शादी हुई या नहीं
नाबालिग लड़की का विवाह रोकने के लिए दो थानों की पुलिस एरिया को लेकर उलझी रही। लड़की का मकान जहां ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कालोनी हैं, वहीं धर्मशाला जहां शादी होनी थी, वह पीजीआई थाने की गांधी कैंप चौकी में आती है। सुबह दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि मामला गांधी कैंप चौकी का है।
आगे की कार्रवाई पीजीआई थाना पुलिस करेगी। वहीं, गांधी कैंप चौकी के एएसआई शमशेर सिंह का कहना है कि एक घंटे बाद धर्मशाला से लड़की के परिजन चले गए। बाद में एरिया शिवाजी कालोनी थाने का है। ऐसे में वे भी लौट गए। अब लड़की की शादी हुई या नहीं हुई। किसी भी थाने की पुलिस को पता नहीं।