एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए 65 हजार रूपए
सोनीपतशहर में एटीएम बूथ के अंदर कार्ड बदलकर धोखाधड़ी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के प्रभु नगर स्थित एटीएम बूथ पर इसी तरह का एक और मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ठेकेदार निवासी निरथान ने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी है। फिलहाल आरोपी का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है।
धर्मवीर निवासी निरथान ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह पेशे से ठेकेदार है। वह दूसरे स्टेट में ठेकेदारी करता है। 15 जनवरी को वह सोनीपत आया था। वह पैसे निकालने के लिए प्रभु नगर स्थित एटीएम बूथ पर पहुंचा। यहां उसने पैसे निकालने का प्रयास किया परंतु पैसे नहीं निकले। इस दौरान एक युवक एटीएम बूथ पर आया और उसने मदद की बात की। जब उसने कार्ड उसे दिया तो उसने 10 हजार रुपए निकालकर उसे दे दिए। परंतु चकमा देकर आरोपी ने उसका कार्ड बदल लिया। आरोपी ने इसके बाद जीटी रोड की लोकेशन पर मौजूद एक एटीएम बूथ में उसके कार्ड का प्रयोग किया और खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। इसके साथ उसके खाते से 25 हजार रुपए अपने अन्य खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब वह बैंक में पहुंचा तो उसे पूरे मामले का पता चला। आरोपी के खाते की जांच की तो उससे 25 हजार रुपए की ट्रांसफर की गई नगदी निकाली जा चुकी थी।