बस चालक की दादागिरी सड़क में लगाया जाम
बद्दीबरोटीवाला सड़क मार्ग पर शिवालिक नगर बस स्टैंड के बाथरूम फिटिंग बनाने वाले उद्योग की बस के चालक की दादागिरी से आधे घंटे तक मार्ग पर जाम लगा रहा। सुबह उद्योगों में जाने वाले सैकड़ों कर्मचारी अपने कार्य स्थल पर पहुंचने से लेट हो गए। वीरवार सुबह बद्दी बरोटीवाला मार्ग पर शिवालिक नगर के बस स्टैंड के निकट बाथरूम फिटिंग बनाने वाले उद्योग की तेज रफ्तार बस ने साथ जा रही निजी बस को टक्कर मार दी। टक्कर से निजी बस का हजारों का नुकसान हुआ। बस चालक ने अपनी फैक्ट्री की धौंस जमाते हुए बस को बीच सड़क में ही खड़ा कर दिया और दूसरी तरफ कंपनी ने अपना गेट बंद कर दिया, करीबन आधे घंटे तक कंपनी की बस का चालक परिचालक सहित कर्मचारी भी बीच सड़क में धौंस जमाते रहे। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाया गया।
वहां तैनात लोगों गुरमीत, कुलदीप, शेर सिंह, ओंकार, विपिन, डॉ विक्की अन्य ने बताया कि बस चालक की दादागिरी के कारण परेशानी हुई। लोगों ने मांग की है कि ऐसे चालकों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं दूसरी ओर निजी बस के मालिक विनोद राणा ने बताया कि उद्योग की बस की लापरवाही के कारण उनकी बस का हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। बस में बैठी सवारियों की जान जोखिम में थी। ऐसे में बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। थाना प्रभारी बरोटीवाला दयाराम ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके पास शिकायत आई है। इस मामले की जांच की जाएगी।
यात्रियों को गंतव्यों तक पहुंचने में देरी