एनएच-88 के आज शाम तक खुलने के आसार
डिडवीं-टिक्कर| हमीरपुर-शिमलाराष्ट्रीय राजमार्ग-88 पर डिडवीं के पास कुनाह खड्ड पर तीन दिन से बंद ट्रैफिक वीरवार देर शाम तक खुलने के आसार हैं। यहां दो साल पहले डाला गया वैली ब्रिज को हटा दिया गया है। पुराने ब्रिज पुल को ही फिर से मरम्मत करके यातायात के योग्य बनाया जा रहा है, हालांकि अभी इस पुल के दोनों ओर रेलिंग का काम बुधवार देर शाम तक अधूरा था और पुल के दोनों तरफ का काम भी अभी पूरा होना था, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि रात भर यह काम जारी रहेगा। संभवत: वीरवार देर शाम तक यातायात शुरू करने के लिए पुल तैयार हो जाएगा। मतलब साफ है कि यात्रियों को अभी इस पुल से होकर सीधे जाने के लिए शुक्रवार तक का ही इंतजार करना पड़ेगा।
मौके पर मौजूद जेई वीके सोनी का कहना है कि जिस हिस्से के कारण इस पुल पर वैली ब्रिज बनाया गया था, उस हिस्से को मरम्मत के बाद यातायात के योग्य बना दिया गया है अब केवल रेलिंग का काम बाकी है। यह काम भी सुबह तक पूरा हो जाएगा। पुल के दोनों ओर सड़क की जो मरम्मत होनी है, उसका काम भी रात में ही पूरा कर लिया जाएगा।