डांसिंग डैफोडिल्स में 163 बच्चों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
कुल्लू|सूत्रधार कलासंगम कुल्लू ने चौथा डांसिंग डैफोडिल्स का आयोजन कुल्लू के कैलाश थियेटर में किया। इसमें बतौर मुख्यातिथि कुल्लू नगर परिषद की अध्यक्षा बिमला महंत उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने शिरकत की। इस दौरान सूत्रधार कलासंगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 163 बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनके लिए सूत्रधार कलासंगम द्वारा ही 45 दिनों का नृत्य एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया था। कार्यशाला संपन्न होने पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। डेढ़ महीने के इस प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षु बालक-बालिकाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों अभिभावकों का खूब मनोरंजन किया। इस मौके पर सूत्रधार कलासंगम के अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों के आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को उभारना है और छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। इसके चलते सूत्रधार कलासंगम हर साल इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन करता है। लिहाजा, इस बार भी 45 दिनों का नृत्य एवं कराटे प्रशिक्षण संपन्न हुआ। मुख्यातिथि गोपाल कृष्ण महंत कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर समय समय पर होने चाहिए। इस मौके पर उन्होंने 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।